देहरादून। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया है, जिन्होंने राज्य के लिए आपदा मद में ₹139 करोड़ की वित्तीय सहायता स्वीकृत की है। इस सहायता से राज्य में आपदा जोखिम न्यूनीकरण प्रणाली को मजबूत किया जाएगा, जिससे आपदाओं के दौरान होने वाले जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति ने उत्तराखण्ड समेत विभिन्न राज्यों के लिए आपदा न्यूनीकरण और क्षमता निर्माण परियोजनाओं के तहत ₹1115.67 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। इस स्वीकृति के बाद मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय गृह मंत्री और समिति का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इससे राज्य में आपदाओं से निपटने की तैयारी और क्षमता में वृद्धि होगी।
इसके अतिरिक्त, समिति ने सिविल डिफेंस के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के लिए ₹115.67 करोड़ की लागत वाली एक अन्य परियोजना को भी मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री धामी ने इस परियोजना को भी मंजूरी देने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री और उच्चस्तरीय समिति का आभार व्यक्त किया है।



