गणतंत्र दिवस परेड में कर्त्तव्य पथ पर दिखेगी उत्तराखंड के साहसिक खेलों की झांकी

गणतंत्र दिवस परेड 2025 के लिए उत्तराखंड की ‘‘साहसिक खेल‘‘ पर आधारित झांकी का हुआ चयन

नई दिल्ली, 26 दिसम्बर 2024: गणतंत्र दिवस परेड 2025 के लिए उत्तराखंड की ‘‘साहसिक खेल‘‘ पर आधारित झांकी का चयन भारत सरकार द्वारा कर्तव्य पथ पर प्रदर्शित करने के लिए किया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे राज्य के लिए गर्व का विषय बताया।

यह जानकारी महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी ने दी। उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2024 में रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के तहत गठित विशेषज्ञ समिति को 34 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से झांकी प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। उत्तराखंड की झांकी के डिजायन, मॉडल और संगीत का प्रस्तुतीकरण विशेषज्ञ समिति के सामने नोडल अधिकारी श्री के.एस. चौहान द्वारा किया गया। उत्कृष्ट डिजायन और प्रस्तुतीकरण के बाद भारत सरकार ने 21 दिसम्बर 2024 को उत्तराखंड की झांकी को अंतिम रूप से चयनित किया।

इस वर्ष उत्तराखंड सहित कुल 15 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों की झांकियों का चयन गणतंत्र दिवस परेड के लिए किया गया है। इनमें आन्ध्र प्रदेश, बिहार, गोवा, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटका, मध्य प्रदेश, पंजाब, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, चण्डीगढ़ और दादर नागर हवेली एवं दमन व दीव शामिल हैं।

उत्तराखंड की झांकी में इस बार राज्य की संस्कृति और साहसिक खेलों को प्रमुख रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। झांकी के अग्रभाग में उत्तराखंडी महिला को एपण कला के साथ दिखाया जाएगा, जबकि मध्य और पिछले हिस्से में रॉक क्लाइम्बिंग, पैराग्लाइडिंग, बन्जी जम्पिंग, हिल साइकलिंग, ट्रैकिंग, रिवर राफ्टिंग, औली में स्कीइंग और ऋषिकेश में जिप-लाइनिंग को दर्शाया जाएगा। यह झांकी राज्य के साहसिक खेलों के क्षेत्र में उपलब्धियों और संभावनाओं को प्रदर्शित करेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “यह हमारे राज्य के लिए गर्व का विषय है कि गणतंत्र दिवस परेड के लिए उत्तराखंड की झांकी का चयन हुआ है। इस बार झांकी में उत्तराखंड की पहचान, प्राकृतिक सौंदर्य और एडवेंचर स्पोर्ट्स की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। हमारा राज्य न केवल अपने आध्यात्मिक और प्राकृतिक महत्व के लिए जाना जाता है, बल्कि यह साहसिक खेलों के क्षेत्र में भी अग्रणी है। मैं झांकी के निर्माण में जुड़े सभी कलाकारों और अधिकारियों को बधाई देता हूं। हम इस झांकी के माध्यम से उत्तराखंड को पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में और मजबूती से कदम बढ़ाएंगे।”

उत्तराखंड ने 2003 से लेकर 2023 तक कर्तव्य पथ पर कुल 13 झांकियां प्रदर्शित की हैं, जिनमें ‘‘फुलदेई‘‘, ‘‘नंदा राजजात‘‘, ‘‘फूलों की घाटी‘‘, ‘‘कार्बेट नेशनल पार्क‘‘, ‘‘साहसिक पर्यटन‘‘, ‘‘कुम्भ मेला हरिद्वार‘‘ जैसे प्रमुख विषय शामिल हैं। इस बार यह झांकी उत्तराखंड के साहसिक पर्यटन को एक नई पहचान दिलाएगी।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles

spot_img
posjp33 posjp33 posjp33