गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार, 12 जून को एक दिल दहला देने वाला विमान हादसा हुआ। एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-171, जिसमें 242 यात्री और क्रू सवार थे, टेकऑफ के कुछ ही देर बाद क्रैश हो गई। यह हादसा सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास मेघानीनगर इलाके में हुआ, जहां आग की भीषण लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक देखा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान एयरपोर्ट की बाउंड्री से सटे इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। घटनास्थल से मिली तस्वीरों में विमान के परखचे उड़ते और उसका एक विंग टूटकर गिरा हुआ साफ देखा जा सकता है। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और आग बुझाने का कार्य जारी है। फिलहाल आग पर कुछ हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन विमान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है।
विमान जिस बिल्डिंग से टकराया, वह भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल है, लोग भयभीत होकर इधर-उधर भागते देखे गए। अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है और सभी डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
बताया जा रहा है कि यह विमान लंदन के लिए रवाना हो रहा था। सवार यात्रियों में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक शामिल थे। हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के भी विमान में सवार होने की खबर है, हालांकि उनकी स्थिति को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अब तक घटनास्थल से लगभग 100 शव निकाले जा चुके हैं, और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। यह हादसा देश के सबसे बड़े विमान दुर्घटनाओं में से एक माना जा रहा है।



