उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में रविवार को उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने महाकुंभ 2025 में स्थापित किए गए उत्तराखण्ड मंडपम का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद तीर्थ यात्रियों से मुलाकात की और उनकी कुशलक्षेम जानकारी ली। मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों पर राज्य सरकार द्वारा महाकुंभ में उत्तराखण्ड मंडपम की स्थापना की गई है, जिससे उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहर का प्रदर्शन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने मंडपम में आवासीय सुविधाओं और भोजन व्यवस्थाओं का भी जायज़ा लिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड मंडपम में श्रद्धालु महाकुंभ के दौरान न सिर्फ राज्य की संस्कृति से परिचित हो रहे हैं, बल्कि उन्हें यहां ठहरने, भोजन और अन्य सुविधाओं का भी उचित प्रबंध मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस मंडपम के माध्यम से उत्तराखण्ड राज्य के पारंपरिक उत्पादों को श्रद्धालुओं तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने मंडपम में उत्तराखण्ड की कला, संस्कृति और विशिष्ट उत्पादों के प्रदर्शन के साथ ही उनकी बिक्री की व्यवस्था को भी सराहते हुए इसे एक महत्वपूर्ण पहल बताया। यह कदम राज्य की संस्कृति को प्रचारित करने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों के प्रचार में भी सहायक साबित हो रहा है।




