मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौ संरक्षण को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और प्राकृतिक खेती से जोड़ने पर दिया जोर
मथुरा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में स्थित परखम (फरह) गऊ-ग्राम का दौरा किया। वहां उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति द्वारा संचालित दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र में आयोजित विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया।
इन प्रकल्पों का हुआ लोकार्पण एवं शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान से जुड़े एक वर्षीय स्नातकोत्तर (पीजी) डिप्लोमा कोर्स की आधिकारिक शुरुआत की गई। इसके अलावा आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र और श्री नंदीश्वर छात्रावास का उद्घाटन किया गया। वहीं भावी आवश्यकताओं को देखते हुए आयुर्वेद महाविद्यालय व चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय तथा आवासीय परिसर का शिलान्यास संपन्न हुआ।
परंपरा और आधुनिक विज्ञान का हो बेहतर समन्वय
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ब्रजभूमि और मथुरा भारतीय संस्कृति तथा आध्यात्मिक चेतना का केंद्र रहे हैं। उन्होंने रेखांकित किया कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध प्राकृतिक खेती, किसानों की खुशहाली और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से है। मुख्यमंत्री ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गोवंश सेवा को वैज्ञानिक अनुसंधान, आधुनिक शिक्षा और चिकित्सा से जोड़ना समय की मांग है। प्राचीन ज्ञान और आधुनिक तकनीक के समन्वय से गौ संरक्षण के नए रास्ते खुलेंगे।
हरिपुर-कालसी को आध्यात्मिक केंद्र बनाने का संकल्प
मां यमुना के महत्व का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुनोत्री धाम से निकलने वाली यमुना नदी उत्तराखंड और ब्रज क्षेत्र को आपस में जोड़ती है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार हरिपुर-कालसी के प्राचीन धार्मिक स्वरूप को पुनः स्थापित कर रही है। वहां मां यमुना के भव्य घाट का निर्माण कराया जा चुका है और प्रतिमा भी स्थापित की गई है। मुख्यमंत्री ने साधु-संतों तथा श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी आकर मां यमुना की आरती में भाग लेने का निमंत्रण दिया।
कार्यक्रम में प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज, जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित कई गणमान्य लोग और गौ सेवक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सभी से सहयोग का आह्वान किया।





