मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से किया महोत्सव को संबोधित, बताई इस पर्व की ऐतिहासिक महत्ता
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से पिथौरागढ़ में आयोजित ऐतिहासिक ‘हिलजात्रा महोत्सव’ को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ की जनता समेत समस्त प्रदेशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही उन्होंने पिथौरागढ़ के ग्राम जाखनी स्थित बाबा गंगनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण कराने की बड़ी घोषणा की।
हिलजात्रा हमारी समृद्ध लोक परंपराओं का प्रतीक: मुख्यमंत्री
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हिलजात्रा उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं, आस्था और सांस्कृतिक विरासत का एक महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने कहा कि लगभग 500 वर्षों से अधिक समय से मनाया जा रहा यह उत्सव पिथौरागढ़ की विशिष्ट पहचान बन चुका है।
सीएम ने कहा कि सोरघाटी की यह ऐतिहासिक हिलजात्रा हमारी आस्था और विश्वास का प्रतीक होने के साथ ही पहाड़ी जीवन के संघर्ष, साधना और कृषि-पशुपालन पर आधारित ग्रामीण जीवन की विशेषताओं को प्रदर्शित करती है। इस पर्व में भगवान शिव के गण ‘लखिया भूत’ का आगमन सुख, समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है।
सांस्कृतिक संरक्षण और मानसखंड का विकास
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार राज्य को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के संकल्प के साथ काम कर रही है। केदारखंड की तर्ज पर अब मानसखंड के पौराणिक मंदिरों के पुनरुत्थान, संरक्षण और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है।
उन्होंने बताया कि हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर, हरिपुर यमुना कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर, विवेकानंद कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स के माध्यम से राज्य की आध्यात्मिक विरासत को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है।
स्थानीय उत्पादों और पर्यटन को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पर्यटन को सिर्फ तीर्थाटन तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन, एडवेंचर टूरिज्म और फिल्म शूटिंग के पसंदीदा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
गाँवों की खुशहाली के लिए सरकार होम-स्टे योजना, लखपति दीदी और सौर स्वरोजगार योजना को आगे बढ़ा रही है। इसके साथ ही ‘एक जनपद-दो उत्पाद’ और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के जरिए स्थानीय उत्पादों को वैश्विक मंच प्रदान किया जा रहा है।
इस वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान विधायक बिशन सिंह चुफाल, जिलाधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी और भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





