spot_img

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की मुलाकात, राज्य के विकास प्रोजेक्ट्स पर हुई चर्चा

उत्तराखंड के बुनियादी ढांचे, रेल-सड़क कनेक्टिविटी, पर्यटन और वित्तीय प्रोत्साहन को लेकर सीएम ने पीएम से मांगा सहयोग

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य के चौमुखी विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार, रेल एवं सड़क संपर्क, पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा उत्तराखंड को दिए जा रहे निरंतर सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।

पहाड़ी राज्य की विशेष परिस्थितियों और सीमित वित्तीय संसाधनों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने देवभूमि की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय पहचान का प्रतिनिधित्व करने वाले उपहार प्रधानमंत्री को सौंपे। इनमें मलारी की पारंपरिक कोट पट्टी, दोरखा, शुद्ध बद्री घी, हर्षिल का राजमा और लाल चावल के साथ-साथ हरिद्वार कुंभ-2027 का प्रतीक चिन्ह शामिल रहा।

परियोजनाओं और वित्तीय सहायता के लिए जताया आभार

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये तथा SASCI के तहत लगभग 9,500 करोड़ रुपये की सहायता मंजूर करने पर केंद्र का धन्यवाद दिया। उन्होंने आरडीएसएस योजना के तहत बिजली ढांचे के सुदृढ़ीकरण और स्मार्ट मीटरिंग के लिए 3,436.08 करोड़ रुपये, चम्पावत बाईपास हेतु 199 करोड़ रुपये तथा देहरादून रिंग रोड परियोजना के अलाइनमेंट की स्वीकृति पर भी खुशी जताई।

इसके अलावा, मेरठ-मोदिपुरम से हरिद्वार तक आरआरटीएस विस्तार और ऋषिकेश में ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के जरिए फिजिबिलिटी सर्वे कराने के कदमों की भी उन्होंने सराहना की।

रेल-सड़क कनेक्टिविटी और नई योजनाओं का अनुरोध

मुख्यमंत्री धामी ने केंद्र से कुमाऊं मंडल के लिए दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे के निर्माण की मंजूरी मांगी। इसके साथ ही उन्होंने टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन, बागेश्वर-कर्णप्रयाग सर्वे, हरिद्वार-देहरादून ट्रैक के दोहरीकरण और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन परियोजना को गति देने की मांग रखी।

स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में प्रस्तावित अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान (ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद) की स्थापना का प्रस्ताव भी प्रधानमंत्री के समक्ष रखा।

वेडिंग डेस्टिनेशन और आध्यात्मिक पर्यटन पर फोकस

उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार द्वारा बनाई गई नई नीति की जानकारी देते हुए सीएम ने बताया कि देहरादून, ऋषिकेश, रामनगर और त्रियुगीनारायण के अलावा चोपता-दुगलबिट्टा व शारदा कॉरिडोर को विकसित किया जा रहा है।

साथ ही, आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पौड़ी के बेलकेदार, टिहरी के अंजनिसैंण और चम्पावत के लोहाघाट-श्यामलाताल को विशेष आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया गया है। उन्होंने बताया कि शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई शीतकालीन चारधाम यात्रा में अब तक 73 हजार से अधिक श्रद्धालु हिस्सा ले चुके हैं।

‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ और वोकल फॉर लोकल की सफलता

स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड का टर्नओवर 6.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अमेजन, ओएनडीसी और जियो मार्ट जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए स्थानीय उत्पाद बेचे जा रहे हैं।

निर्यात की तत्परता (Export Preparedness Index) में उत्तराखंड छोटे राज्यों की श्रेणी में शीर्ष स्थान पर रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में 559 क्लस्टर स्कूल चिह्नित किए गए हैं तथा मेधावी छात्रों के लिए ‘भारत दर्शन’ और ‘उत्तराखंड दर्शन’ शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

spot_img

Related Articles

spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles