पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट स्थित लोक निर्माण विभाग कार्यालय में रविवार को भीषण आग लग गई, जिससे कार्यालय की पूरी बिल्डिंग जलकर राख हो गई। आग से कार्यालय में रखा सारा सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जल गए। यह घटना रविवार दोपहर के बाद की बताई जा रही है, जब कार्यालय बंद था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार को कार्यालय की छुट्टी थी और आग लगने के बाद से कार्यालय से धुआं निकलता देखा गया। इस पर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचित किया। आग की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची अग्निशमन टीम ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन कई घंटे की मशक्कत के बाद भी आग पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका। इस दौरान आग इतनी फैल चुकी थी कि लोक निर्माण विभाग की बिल्डिंग पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग बुझाने के लिए एक ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन वह गाड़ी पानी से खाली हो गई। इसके बाद, एसएसबी कैंप कार्यालय से पानी की व्यवस्था कर आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन आग ने बहुत विकराल रूप ले लिया था।
अधिकारियों के मुताबिक, आग के दौरान कार्यालय में रखा एलपीजी गैस सिलेंडर भी जलने लगा, जिससे आग और अधिक फैल गई। इस घटना में लाखों रुपये के कार्यालय सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो गए हैं।
फिलहाल आग के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट को आग लगने का मुख्य कारण माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।



