केन्द्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा 16-18 सितम्बर, 2024 तक आयोजित वैश्विक नवीकरणीय ऊर्जा निवेश सम्मेलन और प्रदर्शनी में उत्तराखंड राज्य का प्रतिनिधित्व राज्य के वन, भाषा निर्वाचन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने किया। यह सम्मेलन गुजरात के गांधीनगर में आयोजित किया गया, जिसका उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री जी ने किया।

इस सम्मेलन का मुख् उद्देश्य नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में नवाचार और अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देना है, जिसमें राज्य, औद्योगिक जगत और विभिन्न संगठनों की सक्रिय भागीदारी हो रही है।
सम्मेलन के दूसरे दिन, श्री सुबोध उनियाल ने उत्तराखंड राज्य की ओर से बोलते हुए प्रधानमंत्री जी की 5000 गीगावाट ऊर्जा उत्पादन क्षमता की परिकल्पना में राज्य की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तराखंड के समेकित प्रयासों की जानकारी साझा की, जिसमें नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं की विस्तृत चर्चा की गई।
उत्तरी भारत के इस पर्वतीय राज्य ने नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इस आयोजन में उत्तराखंड ने अपने नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता और उत्पाद को स्टॉल्स के माध्यम से प्रदर्शित किया।
श्री उनियाल के साथ जल विद्युत निगम के प्रबंध निदेशक श्री संदीप सिंघल ने भी उत्तराखंड राज्य के नवीकरणीय ऊर्जा के प्रयासों की जानकारी साझा की, जो इस क्षेत्र में राज्य की समग्र योजनाओं और उपलब्धियों को उजागर करते हैं।
इस सम्मेलन में उत्तराखंड की उपस्थिति न केवल राज्य की ऊर्जा उत्पादन क्षमता को दर्शाती है, बल्कि यह भविष्य में नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में और भी अधिक संभावनाओं का संकेत देती है।



