पौड़ी गढ़वाल: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज ग्राम पंचायत किनसुर बागी में तीन दिवसीय नयार उत्सव-2024 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने गंगा पूजन कर महाशीर प्रजाति की मछली के सीड्स का प्रवाह किया और राफ्टिंग दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़ी 7 महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इन घोषणाओं में देवप्रयाग-सतपुली मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग में विकसित करना, नांद नदी सड़क का 6 किमी का निर्माण, यमकेश्वर में लक्ष्मण झूला क्षेत्र में मिनी स्टेडियम की स्वीकृति, गंगा भोगपुर में बीन नदी पर डबल लेन आरसीसी पुल का निर्माण, द्वारीखाल के जाखणीखाल-ढंडोली मोटर मार्ग का डामरीकरण और यमकेश्वर क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की स्थापना शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नयार उत्सव-2024 के आयोजन से क्षेत्र को वैश्विक पहचान मिलेगी, जिससे पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि होगी और आर्थिक व सांस्कृतिक विकास होगा। उन्होंने इस महोत्सव को क्षेत्र में पर्यटन संबंधी बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार हर क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य कर रही है। पौड़ी में 100 फिट ऊँचा झंडा और पार्क का निर्माण, त्रिशूल पार्क का निर्माण, केदारनाथ-बद्रीनाथ पैदल मार्ग का पुनर्जीवन, और श्रीनगर में गंगा संस्कृति केंद्र का कार्य चल रहा है। इसके साथ ही धारी देवी मंदिर में सुधार कार्य और पौड़ी के पुराने कलक्ट्रेट को हेरिटेज भवन के रूप में विकसित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक श्रीमती रेनू बिष्ट, श्री राजकुमार पोरी, जिलाध्यक्ष भाजपा सुषमा रावत, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।