हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के अवसर पर देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस-2025 कार्यक्रम में प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सरकार की ओर से राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले 250 से अधिक खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को ₹16 करोड़ से अधिक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
परेड ग्राउंड, देहरादून में एथलेटिक्स सिंथेटिक ट्रैक और पवेलियन ग्राउंड में सिंथेटिक फ़ुटबॉल टर्फ बनाने की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल एवं खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों ने पूरे देश में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और जागरूकता पैदा की है। उत्तराखंड सरकार भी खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने और खिलाड़ियों को तैयारी के बेहतरीन अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
इस अवसर पर टिहरी लोकसभा सांसद श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी शाह और कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या भी मौजूद रहीं।



