प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को देहरादून पहुंचे और हाल ही में आई बाढ़ व भूस्खलन से हुई तबाही का जायज़ा लिया। उन्होंने राज्य के लिए ₹1200 करोड़ की वित्तीय सहायता पैकेज की घोषणा की।
प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आपदा में अनाथ हुए बच्चों को PM CARES for Children योजना के तहत व्यापक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
पीएम मोदी ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं और भरोसा दिलाया कि “आपदा की इस घड़ी में उत्तराखंड अकेला नहीं है, पूरा देश राज्य के साथ खड़ा है।”
उन्होंने NDRF, SDRF और ‘आपदा मित्र’ स्वयंसेवकों से मुलाकात कर उनके प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण के लिए PM Awas Yojana के तहत विशेष परियोजना चलाई जाएगी।
साथ ही सड़कों, स्कूलों और अन्य ढांचागत संरचनाओं के पुनर्निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। फिलहाल केंद्रीय टीमें नुकसान का आकलन कर रही हैं और उनकी रिपोर्ट के बाद अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।

