नई दिल्ली: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में केंद्रीय बजट 2025 पेश करते हुए मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी। उन्होंने घोषणा की कि नई कर व्यवस्था के तहत 12 लाख रुपये तक की आय पर अब कोई भी आयकर नहीं लगेगा। इस बजट के तहत, वित्त मंत्री ने कृषि, एमएसएमई और स्वास्थ्य जैसे कई क्षेत्रों के लिए अहम घोषणाएं कीं।
निर्मला सीतारमण ने कहा कि नया और सरल आयकर विधेयक अगले हफ्ते पेश किया जाएगा, जो कर प्रणाली को और अधिक सुलभ बनाएगा। केंद्रीय बजट 2025 में पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के विकासात्मक दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए कई योजनाएं और उपायों की घोषणा की गई।
कैंसर और दुर्लभ बीमारियों के इलाज के लिए 36 दवाओं को मूल सीमा शुल्क से छूट दी गई है। साथ ही, सरकार ने 37 और दवाओं पर सीमा शुल्क से छूट देने का प्रस्ताव किया है। इसके अलावा, केंद्र ने कोबाल्ट उत्पाद, एलईडी, जिंक, लिथियम आयन बैटरी स्क्रैप और 12 महत्वपूर्ण खनिजों को भी सीमा शुल्क से पूरी तरह छूट देने का प्रस्ताव किया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस बजट को मोदी सरकार की दूरदर्शिता का ब्लूप्रिंट बताया, जो “विकसित और श्रेष्ठ भारत” की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि यह बजट किसानों, गरीबों, मध्यम वर्ग, महिलाओं और बच्चों की शिक्षा, पोषण व स्वास्थ्य से लेकर स्टार्ट-अप, नवाचार और निवेश तक हर क्षेत्र के लिए योजना का खाका तैयार करता है।
यह बजट प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।



