एसडीआरएफ, सेना और प्रशासन के संयुक्त अभियान में सभी ट्रेकर्स सकुशल बचाए गए, आर्मी बेस अस्पताल में स्वास्थ्य जांच जारी
उत्तरकाशी जिले के कालिंदी ट्रेक स्थित ओडिन कॉल क्षेत्र में फंसे 29 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने का अभियान सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। सभी ट्रेकर्स को हेलीकॉप्टर के जरिए हर्षिल पहुंचाया गया है।
संयुक्त अभियान में शामिल रहीं कई एजेंसियां
रेस्क्यू ऑपरेशन में एसडीआरएफ, जिला पुलिस, भारतीय सेना, स्थानीय प्रशासन और यूकाडा की टीमों ने मिलकर काम किया। इनके समन्वित प्रयासों से ओडिन कॉल में फंसे सभी 29 ट्रेकर्स को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
सेनानायक की सीधी निगरानी में चला ऑपरेशन
शासन से समन्वय स्थापित करते हुए एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के दिशा-निर्देशन में पूरा अभियान संचालित किया गया। सेनानायक ने कंट्रोल रूम के माध्यम से ऑपरेशन की लगातार निगरानी की और मौके पर तैनात टीमों को आवश्यक निर्देश दिए।
सभी ट्रेकर्स सुरक्षित, स्वास्थ्य जांच जारी
रेस्क्यू के बाद सभी 29 ट्रेकर्स को आर्मी बेस हर्षिल स्थित चिकित्सालय लाया गया। चिकित्सकीय टीम द्वारा सभी की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की जा रही है। फिलहाल सभी ट्रेकर्स सुरक्षित हैं और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।



