देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजीव गांधी अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम रायपुर में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड द्वारा आयोजित उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रीमियर लीग की ट्रॉफी का अनावरण किया और प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “उत्तराखंड प्रीमियर लीग जैसे आयोजनों से हमारे प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के नए अवसर मिलेंगे। इससे वे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर राज्य और देश का नाम ऊंचा कर सकेंगे।”

उद्घाटन समारोह में कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने इस कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, गणेश जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद मनोज तिवारी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, और फिल्म अभिनेता सोनू सूद ने इस अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव महिम वर्मा समेत कई अन्य प्रमुख लोग भी इस आयोजन में शामिल हुए।




