खेल मंत्री रेखा आर्या ने जताई खुशी, 28 जनवरी को राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन के मौके पर होगा शिलान्यास
प्रदेश में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना का मार्ग अब साफ हो गया है। राजभवन ने सोमवार को खेल विश्वविद्यालय के संशोधित अध्यादेश पर अपनी स्वीकृति दे दी। यह जानकारी खेल मंत्री रेखा आर्या ने दी।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि प्रदेश में स्पोर्ट्स साइंस को बढ़ावा देने और यहां के युवा खिलाड़ियों के भविष्य को संवारने के लिए सरकार ने खेल विश्वविद्यालय की स्थापना का निर्णय लिया था। इस विश्वविद्यालय का संशोधित अध्यादेश हाल ही में राज्य सरकार द्वारा कैबिनेट के माध्यम से राज्यपाल को भेजा गया था।
अब, राज्यपाल की स्वीकृति के बाद, यह अध्यादेश प्रभावी हो गया है। खेल मंत्री ने बताया कि आगामी 28 जनवरी को प्रदेश में आयोजित होने वाले 38वें राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया जाएगा।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह का आभार व्यक्त करते हुए खेल मंत्री ने कहा कि यह कदम प्रदेश के खेल क्षेत्र में एक नई दिशा का संकेत है।



