मुख्यमंत्री ने हेली सेवाओं का शुभारंभ, चार प्रमुख मार्गों से हवाई संपर्क हुआ शुरू

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राज्य में चार नई हेली सेवाओं का शुभारंभ किया। इन सेवाओं के माध्यम से देहरादून से नैनीताल, बागेश्वर, मसूरी और हल्द्वानी से बागेश्वर तक हवाई संपर्क स्थापित हो गया है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि ‘उड़ान’ योजना के अंतर्गत शुरू की जा रही हेली सेवाओं से राज्य में पर्यटन और आर्थिक विकास को गति मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बागेश्वर, नैनीताल और मसूरी न केवल सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल हैं, बल्कि इन क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वादियाँ, ऐतिहासिक मंदिर और समृद्ध संस्कृति देश और दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। उन्होंने उदाहरण के तौर पर नैनीताल की मनोरम झीलों, नयना देवी शक्तिपीठ और बागेश्वर के पवित्र बागनाथ मंदिर का उल्लेख किया। हेली सेवा शुरू होने से इन क्षेत्रों में पर्यटकों का आना और भी आसान हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सड़क मार्ग से इन स्थानों तक पहुंचने में करीब 8 से 10 घंटे का समय लगता है, जबकि हेली सेवाओं के शुरू होने से यात्रा का समय अब लगभग 1 घंटे तक सीमित हो जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को भी इमरजेंसी के दौरान राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम आदमी को हवाई यात्रा का लाभ देने के उद्देश्य से ‘उड़ान’ योजना की शुरुआत की थी, और इस योजना ने राज्य में हवाई संपर्क को मज़बूत किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 18 हेलीपोर्ट्स का विकास किया जा रहा है, जिनमें से अब तक 12 हेलीपोर्ट्स पर सेवाएं सफलतापूर्वक शुरू हो चुकी हैं। इन हेली सेवाओं ने गौचर, श्रीनगर, हल्द्वानी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत और अल्मोड़ा जैसे क्षेत्रों को जोड़ने में सफलता पाई है। उन्होंने यह भी कहा कि हेली सेवाएं न केवल आवागमन को सुगम बनाएंगी, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षक का काम भी करेंगी। राज्य सरकार हवाई संपर्क को और बढ़ाने के लिए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से यात्रियों से बातचीत की। विधायकगण, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोगों ने हेली सेवाओं के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

सप्ताह में सात दिन संचालित होगी सेवा
देहरादून से मसूरी हेली सेवा ‘उड़ान’ योजना के तहत संचालित की जा रही है, जबकि अन्य तीन हेली सेवाएं केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत शुरू की गई हैं। देहरादून से बागेश्वर, नैनीताल और हल्द्वानी से बागेश्वर की हेली सेवा सप्ताह में सातों दिन संचालित होगी। मसूरी-देहरादून हेली सेवा पहले महीने में प्रतिदिन एक उड़ान भरेगी।

किराया विवरण:

  1. देहरादून – नैनीताल
    किराया: ₹4500 प्रति यात्री
    उड़ान समय: सुबह 8.15, दोपहर 02.25
    नैनीताल से उड़ान: सुबह 9.10, दोपहर 03.20

  2. देहरादून – बागेश्वर
    किराया: ₹4000 प्रति यात्री
    उड़ान समय: सुबह 10.20, दोपहर 12.30
    बागेश्वर से उड़ान: सुबह 11.10, दोपहर 01.20

  3. हल्द्वानी – बागेश्वर
    किराया: ₹3500 प्रति यात्री
    उड़ान समय: सुबह 08.30, दोपहर 02.45
    बागेश्वर से उड़ान: सुबह 09.00, दोपहर 03.00

  4. देहरादून – मसूरी
    किराया: ₹2578 प्रति यात्री

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles

spot_img
posjp33 posjp33 posjp33