चारधाम यात्रा का न्योता देंगे, अवस्थापना विकास और लंबित प्रस्तावों को लेकर होगी बातचीत; राजनीतिक मुद्दों पर भी मंथन संभव
देहरादून, 28 अप्रैल।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को नई दिल्ली के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर सकते हैं। मुख्यमंत्री का पार्टी के केंद्रीय नेताओं से भी भेंट का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री चारधाम यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं को यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण भी देंगे। इस दौरे के दौरान अवस्थापना विकास, सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी से संबंधित कई लंबित प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है।
इसके अतिरिक्त, शहरी विकास, जल शक्ति, वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से जुड़े विषयों पर भी वार्ता की जा सकती है। मुख्यमंत्री का प्रयास रहेगा कि केंद्र सरकार में लंबित महत्वपूर्ण परियोजनाओं को तेजी से स्वीकृति दिलाई जा सके।
राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि यदि अवसर मिला तो मुख्यमंत्री पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं से भी भेंट कर सकते हैं। राज्य मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार और नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति जैसे राजनीतिक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श की संभावना जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को राज्य के विकास कार्यों में गति देने और राजनीतिक समीकरणों को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



