देहरादून: राजपुर पुलिस ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 पर कार्यरत एक संविदा कर्मचारी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई तब हुई जब संविदा कर्मचारी ने एक शिकायतकर्ता से उसकी शिकायत का समाधान करने के लिए 2500 रुपए की मांग की।
इस मामले की शुरुआत एसएसपी अजय सिंह को मिली एक गोपनीय शिकायत से हुई। उन्होंने इस शिकायत की प्रारंभिक जांच के लिए एसओजी को जिम्मेदारी सौंपी। जांच में पता चला कि आरोपी मनोज ठकराल, जो कि हरिद्वार के गुरुकुल नारसन में एक रेस्टोरेंट में मैनेजर थे, ने पहले श्रमायुक्त कार्यालय रुड़की में शिकायत की थी। जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 पर भी अपनी शिकायत दर्ज कराई।
इसके बाद उन्हें शैलेंद्र गुसाईं नामक एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को सीएम हेल्पलाइन का कर्मचारी बताकर कहा कि उनकी शिकायत का समाधान होगा, लेकिन इसके लिए 2500 रुपये देने होंगे।
शैलेंद्र ने मनोज को व्हाट्सएप पर एक क्यूआर कोड भेजा। लेकिन एसओजी की जांच में यह सामने आया कि यह क्यूआर कोड शैलेंद्र का नहीं, बल्कि शुभम आनंद नामक एक अन्य युवक का है, जो मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में संविदा पर कार्यरत है।
पुलिस ने सब इंस्पेक्टर आदित्य सैनी की तहरीर पर राजपुर थाने में मामला दर्ज किया है। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस तरह की ठगी किसी और के साथ भी हुई है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।

