भराड़ीसैंण में राज्य आंदोलनकारियों को सम्मान, अतिथि शिक्षकों के मानदेय और लखपति दीदियों के प्रोत्साहन पर बड़ा फैसला
भराड़ीसैंण (गैरसैंण)। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर चमोली जिले के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड की सलामी ली और प्रदेश के शहीदों, राज्य आंदोलनकारियों तथा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन किया। समारोह में राज्य के समग्र विकास, जन-कल्याण और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने 13 महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
जनहित और सामाजिक सुरक्षा के लिए 13 प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 1 दिसंबर 2026 से राज्य की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय में बढ़ोतरी की जाएगी। इसके अलावा प्रदेश के अतिथि शिक्षकों के मानदेय को भी जल्द बढ़ाया जाएगा।
राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं और मांगों के समाधान के लिए एक विशेष कैबिनेट समिति का गठन किया जाएगा। यह समिति चिह्नीकरण नियमों में छूट देने, दोहरी पेंशन तथा आश्रितों को प्रमाणपत्र जारी करने जैसे मुद्दों पर सिफारिशें देगी। साथ ही वर्ष 2013-14 में नियुक्त आंदोलनकारियों के मामलों पर भी सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
प्रवासी निवेश, कृषि और स्वास्थ्य क्षेत्र में नए कदम
घोषणाओं के तहत राज्य में निवेश करने के इच्छुक प्रवासी नागरिकों के लिए भूमि क्रय की प्रक्रिया को सुगम बनाया जाएगा। छोटे किसानों और बिजली उपभोक्ताओं के बकाया बिजली बिलों पर लगने वाला सरचार्ज माफ किया जाएगा। वन्यजीवों के हमले में घायल व्यक्तियों को गंभीर और महंगे इलाज (जैसे प्लास्टिक सर्जरी) के लिए अतिरिक्त आर्थिक मदद दी जाएगी।
हर जिले में जिला मुख्यालयों से बाहर स्थित दो-दो नगरपालिका क्षेत्रों में आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी और वाचनालय स्थापित किए जाएंगे। अन्य स्रोतों से बिजली प्राप्त करने वाले सभी राजस्व गांवों को अब पावर ग्रिड से जोड़ा जाएगा। बुजुर्गों, दिव्यांगों और दूरदराज के निवासियों को घर पर ही सरकारी सेवाएं देने के लिए ‘अपुणि सरकार’ पोर्टल की व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा।
संस्कृति सम्मान और स्वरोजगार को प्रोत्साहन
उत्तराखंडी लोकसंस्कृति और भाषाओं के संरक्षण में विशिष्ट योगदान के लिए लोकगायक स्वर्गीय गोपाल बाबू गोस्वामी तथा स्वर्गीय चन्द्र सिंह राही को मरणोपरांत ‘उत्तराखण्ड गौरव सम्मान’ देने का ऐलान किया गया। वहीं लखपति दीदियों को नए स्वरोजगार और व्यापार विस्तार के लिए दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण किया, जिसका नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा ने किया। समारोह में कृषि, उद्यानिकी, उद्योग और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लाभार्थियों, लखपति दीदियों और खिलाड़ियों (आरुषि नेगी, महक रावत, हर्षवर्धन बिष्ट) को चेक व अनुदान देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चमोली के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, स्थानीय विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।





