देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून—पिथौरागढ़—देहरादून 42 सीटर विमान सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इसे रामनवमी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नई विमान सेवा के शुरू होने से पिथौरागढ़ से देहरादून का सफर अब महज एक घंटे में पूरा किया जा सकेगा, जिससे सीमांत क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने इस सेवा को सामरिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण बताया।
आम लोगों तक पहुंची हवाई यात्रा
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब हवाई यात्रा केवल संपन्न वर्ग तक सीमित थी, लेकिन आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आम नागरिक भी हवाई यात्रा कर रहा है। वर्ष 2016 में शुरू की गई उड़ान योजना के माध्यम से छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ा गया है, जिससे सस्ती दरों पर हवाई सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने हाल ही में उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी दी है, जिसके तहत अगले 10 वर्षों में करीब 29 हजार करोड़ रुपये की लागत से 100 नए हवाई अड्डे और 200 हेलीपैड विकसित किए जाएंगे।
उत्तराखंड के लिए ‘जीवन रेखा’ बनी हवाई सेवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए हवाई सेवाएं केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि जीवन रेखा हैं। दुर्गम क्षेत्रों में आवश्यक सामग्री पहुंचाने और गंभीर मरीजों को त्वरित उपचार के लिए बड़े अस्पतालों तक पहुंचाने में यह सेवा बेहद कारगर साबित हो रही है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में उड़ान योजना के तहत राज्य में 26 हवाई मार्गों का संचालन हो रहा है। वहीं, वर्ष 2023 में शुरू की गई उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना के तहत 6 हवाई मार्गों पर नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं।
तेजी से बढ़ रहा एयर नेटवर्क
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश में हेलिपोर्ट की संख्या 2 से बढ़कर 12 हो गई है, जबकि हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 तक पहुंच चुकी है। उत्तराखंड को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” का राष्ट्रीय सम्मान भी मिल चुका है।
उन्होंने कहा कि इस नई सेवा से पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और पर्यटन व व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
सीमांत क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सीमांत क्षेत्रों की उपेक्षा की गई, लेकिन अब केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही हैं। इसी कड़ी में पिथौरागढ़ और मुनस्यारी के बीच हेली सेवा भी शुरू की गई है।
इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं दीं और राज्य में हवाई सुविधाओं के विस्तार का आश्वासन दिया।
समारोह में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक बृजभूषण गैरोला, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, हेमराज बिष्ट, एलाइंस एयर के सीएमडी अमित कुमार, उकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान और एसीईओ संजय टोलिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।