रुद्रप्रयाग: बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने इस वर्ष श्री केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद करने की तिथि की घोषणा कर दी है। इस वर्ष कपाट 3 नवंबर 2024 को भाईदूज के दिन सुबह 8:30 बजे बंद किए जाएंगे।
BKTC के मुख्य कार्याधिकारी ने बताया कि भगवान केदारनाथ की चल विग्रह डोली इस दिन सुबह 8:30 बजे केदारनाथ मंदिर से प्रस्थान करेगी। डोली रात्रि विश्राम के लिए रामपुर पहुंचेगी। इसके बाद, 4 नवंबर को भगवान केदारनाथ की डोली सुबह रामपुर से निकलेगी और फाटा तथा नारायण कोटि होते हुए विश्वनाथ गुप्तकाशी मंदिर पहुंचेगी, जहां वह रात्रि विश्राम करेगी।
5 नवंबर को चल विग्रह डोली सुबह 8:30 बजे विश्वनाथ गुप्तकाशी मंदिर से प्रस्थान करेगी और 11:20 बजे ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विश्राम करेगी। इसके बाद, परंपरा के अनुसार, भगवान केदारनाथ की चल विग्रह डोली अपनी शीतकालीन गद्दी पर विराजमान हो जाएगी।



