देहरादून: उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन 28 जनवरी से 14 फरवरी 2025 तक किया जाएगा। इस संबंध में 25 अक्टूबर 2024 को प्रस्तावित भारतीय ओलंपिक संघ की आम सभा की बैठक में पूरा कार्यक्रम जारी किया जाएगा। राष्ट्रीय खेलों के साथ-साथ विंटर नेशनल गेम्स का भी आयोजन उत्तराखंड में होगा।

खेलों की तिथि की घोषणा के बाद, राज्य की खेल मंत्री रेखा आर्या ने इसे एक ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, जो खेल जगत में एक अभूतपूर्व स्थान हासिल कर रहा है, के लिए यह एक स्वर्णिम अवसर है।

रेखा आर्या ने इस आयोजन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय खेल मंत्री मनसुखभाई मंडाविया और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्षा डॉ. पीटी उषा का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा, “हम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में इन खेलों का सफल आयोजन करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। देवभूमि उत्तराखंड हर खिलाड़ी के स्वागत के लिए प्रतीक्षारत है।”
खेल मंत्री ने बताया कि आयोजन की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं और सरकार का लक्ष्य इन खेलों को अब तक हुए सभी खेलों में सबसे भव्य बनाना है। उन्होंने इसे प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए एक “गोल्डन ऑपर्च्युनिटी” बताया और कहा कि इससे राज्य के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और खिलाड़ियों के मनोबल को नया आयाम मिलेगा।



