बदरीनाथ धाम: भगवान नारायण का सोने का मुकुट चुराने वाला साधु गिरफ्तार, कैश भी बरामद

चमोली। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में भगवान नारायण का करीब 5 लाख रुपये कीमत का मणि जड़ित सोने का मुकुट चोरी करने के मामले में चमोली पुलिस ने आरोपी साधु को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मुकुट और नकदी भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान राघवराम पाठक उर्फ राघवदास (57) के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले का रहने वाला बताया गया है।

आश्रम में भजन-कीर्तन के लिए रुका था आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपी साधु बदरीनाथ स्थित एक आश्रम में भजन-कीर्तन के लिए ठहरा हुआ था। आरोप है कि 24 जुलाई 2026 की रात उसने आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का मणि जड़ित सोने का मुकुट और नकदी चोरी कर ली।

घटना की जानकारी सामने आने के बाद आश्रम प्रबंधन की ओर से बदरीनाथ थाने में शिकायत दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

विशेष टीम ने शुरू किया तलाश अभियान

धार्मिक स्थल से भगवान का मुकुट चोरी होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र के जरिए आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ संदिग्धों से पूछताछ की और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई।

हनुमानचट्टी रोड के पास दबोचा

लगातार तलाश के बाद 29 जुलाई 2026 को पुलिस टीम ने बद्रीश गंगा वाटिका गेट, हनुमानचट्टी रोड के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राघवराम पाठक उर्फ राघवदास, पुत्र श्यामता प्रसाद पाठक, ग्राम मुनीमपुर, थाना भिनगा, जनपद श्रावस्ती (उत्तर प्रदेश) का निवासी है।

मुकुट और नकदी बरामद

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भगवान नारायण का चोरी किया गया सोने का मणि जड़ित मुकुट और नकदी बरामद की है।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात को उसने अकेले अंजाम दिया था या चोरी में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles

spot_img
posjp33 posjp33 posjp33