देहरादून पुलिस ने जाम से बचने के लिए तैयार किया विशेष प्लान, अति आवश्यक सेवा के वाहनों को मिलेगी छूट
देहरादून: उपराष्ट्रपति के आगामी 19 और 20 अगस्त को होने वाले देहरादून दौरे को लेकर दून पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। उपराष्ट्रपति के कार्यक्रम के मद्देनजर शहर में सुगम यातायात बनाए रखने के लिए दो दिनों का ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है। इसके तहत आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों के रूट में बदलाव किया गया है।
इन समय अवधियों में लागू रहेगा डायवर्जन
यातायात पुलिस के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए ट्रैफिक प्लान को अलग-अलग समय पर लागू किया जाएगा। 19 अगस्त को दोपहर 1:00 बजे से लेकर दोपहर बाद 3:30 बजे तक यह प्लान प्रभावी रहेगा। वहीं, 20 अगस्त को सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक और फिर दोपहर 12:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक डायवर्जन लागू किया जाएगा।
ऋषिकेश, हरिद्वार और बाहरी क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए रूट
- ऋषिकेश से देहरादून और मसूरी: ऋषिकेश से आने वाले वाहनों को रानीपोखरी भोगपुर से थानों मार्ग होते हुए भेजा जाएगा। ये वाहन 6 नंबर पुलिया, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग और सर्वे चौक से होकर देहरादून शहर में प्रवेश कर सकेंगे। मसूरी जाने वाले वाहनों को सहस्त्रधारा क्रॉसिंग से आईटी पार्क और साईं मंदिर के रास्ते मसूरी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
- हरिद्वार से देहरादून और मसूरी: हरिद्वार से आने वाले वाहनों को भानियावाला फ्लाई ओवर सर्विस लेन से डोईवाला चौक और दूधली मार्ग होते हुए कारगी चौक की ओर भेजा जाएगा। कारगी चौक से ये वाहन शहर में प्रवेश कर सकेंगे। मसूरी जाने वाले वाहनों को कारगी चौक से आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, कैंट और अनारवाला होते हुए भेजा जाएगा।
- आशारोड़ी और प्रेमनगर से मसूरी: इन क्षेत्रों से मसूरी जाने वाले वाहनों को आईएसबीटी से शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, बल्लूपुर चौक, कैंट और अनारवाला मार्ग का उपयोग करना होगा।
देहरादून और मसूरी से वापस जाने वाले वाहनों का प्लान
- देहरादून से हरिद्वार और ऋषिकेश: शहर से जाने वाले वाहनों को कारगी चौक से दूधली मार्ग, डोईवाला चौक और भानियावाला सर्विस लेन होते हुए लालतप्पड़ और नेपाली फार्म तिराहा के रास्ते भेजा जाएगा।
- मसूरी से हरिद्वार और ऋषिकेश: मसूरी से लौटने वाले वाहन जेपी बैंड, बार्लोगंज, कुठाल गेट, ओल्ड मसूरी रोड, साईं मंदिर, काठ बंगला पुलिया, किरशाली चौक, आईटी पार्क, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग और महाराणा प्रताप चौक से होते हुए थानो रोड की ओर जा सकेंगे।
स्थानीय मार्गों के लिए विशेष व्यवस्था
ईसी रोड, घंटाघर और दिलाराम चौक की तरफ से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग मार्ग तय किए गए हैं। ईसी रोड से जाने वाले वाहनों को सर्वे चौक से सहस्त्रधारा क्रॉसिंग होते हुए भेजा जाएगा। घंटाघर और दिलाराम चौक की ओर से जाने वाले वाहन ग्रेट वैल्यू से कैनाल रोड और काठ बंगला पुल के रास्ते साईं मंदिर होते हुए मसूरी जा सकेंगे।
यातायात पुलिस ने जारी की हिदायत
एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात सुचारू रखने के लिए पुलिस द्वारा निर्धारित किए गए डायवर्जन और रूट प्लान का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने हिदायत दी है कि मुख्य मार्गों या सड़क के किनारे किसी भी प्रतिबंधित स्थान पर वाहन पार्क न करें। असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और पुलिस कर्मियों के निर्देशों का सहयोग करें।

