25 अक्टूबर को नई दिल्ली में होने वाली भारतीय ओलंपिक संघ की विशेष बैठक में राष्ट्रीय खेलों की अंतिम रूपरेखा तय की जाएगी। अगर सब कुछ सही रहा, तो चयनित खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण शिविर अगले दिन से लगना शुरू हो जाएंगे।

राज्य की सभी खेल फेडरेशन खिलाड़ियों का चयन उनके राज्य स्तरीय प्रदर्शन और ओपन ट्रायल के आधार पर करेंगी। अगले दो दिनों में फेडरेशन को अपनी योजना का ड्राफ्ट खेल निदेशालय को प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है, ताकि आवश्यक सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें।
बुधवार से सभी फेडरेशन वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से खेल अधिकारियों से जुड़ेंगी। अगर बैठक में खेलों की तारीख और प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं हुआ, तो प्रशिक्षण शिविर विभिन्न श्रेणियों में अलग-अलग अवधि के लिए आयोजित किए जाएंगे। चूंकि समय कम है, इसलिए प्रशिक्षण शिविर की समय सीमा से संबंधित पिछले सरकारी आदेश में कुछ बदलाव किया जा सकता है।
खेल सचिवालय की बैठक में दो दर्जन से अधिक खेल फेडरेशन के पदाधिकारी उपस्थित थे। विशेष सचिव खेल अमित सिन्हा ने आश्वासन दिया कि खेलों के आयोजन से संबंधित तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उत्तराखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेश सिंह नेगी और महासचिव डीके सिंह ने कहा कि नई दिल्ली की बैठक के बाद वास्तविक तैयारियां देखने को मिलेंगी।





