भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय ने ग्वालदम से तपोवन तक की आर्मी सड़क के निर्माण की स्वीकृति दे दी है। इस सड़क का निर्माण “शिवालिक परियोजना” के तहत किया जाएगा, जिससे देवाल और नंदनगर क्षेत्र में खुशहाली बढ़ने की संभावना है।
थराली विधानसभा क्षेत्र की जनता लंबे समय से ग्वालदम से तपोवन तक आर्मी सड़क के निर्माण की अनुमति की प्रतीक्षा कर रही थी। अब यह इंतजार खत्म हो गया है। इस सड़क की लंबाई 99.2 किलोमीटर होगी और इसे Border Road Organisation (BRO) द्वारा बनाया जाएगा।
रक्षा मंत्रालय ने इस सड़क के निर्माण की जिम्मेदारी BRO को दी है। निर्माण के बाद धारचूला से जोशीमठ तक चीन सीमा की दूरी लगभग 65 किलोमीटर कम हो जाएगी, जिससे सेना को ग्वालदम से तपोवन तक आने-जाने में तीन से चार घंटे का समय बचाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय हाईवे पर कर्णप्रयाग से तपोवन तक लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी।
थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा ने आर्मी सड़क के निर्माण की स्वीकृति पर खुशी जताई। उन्होंने सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी का आभार व्यक्त किया। विधायक ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से थराली विधानसभा के बड़े हिस्से को लाभ मिलेगा, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों में भी वृद्धि होगी।



