उत्तराखंड राज्य की स्थापना के 24 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इस वर्ष राज्य स्थापना दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 9 नवंबर 2024 को शुरू होगा और 25वीं रजत जयंती के शुभारंभ के रूप में वर्षभर चलेगा। इस संबंध में मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी ने सचिवालय में सभी अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि इस वर्ष राज्य स्थापना दिवस का आयोजन विशेष रूप से भव्य होना चाहिए, क्योंकि यह अवसर प्रदेशवासियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम 6 नवंबर से शुरू होकर एक सप्ताह तक चलेगा, जिसमें नई दिल्ली में उत्तराखंड सदन के उद्घाटन के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत उत्तराखंड मूल के अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रवासियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस भव्य आयोजन में प्रवासी उत्तराखंड सम्मेलन, खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, महिला सशक्तिकरण पर विशेष उत्सव, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, दिव्यांगों के लिए कार्यक्रम और राज्य आंदोलनों में शहीदों की गाथाओं के साथ विभिन्न सम्मान और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य सचिव ने राज्य की 24 वर्षों की उपलब्धियों और विकास की संभावनाओं पर स्कूल और कॉलेज स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने देवभूमि रजतोत्सव में सभी वर्गों, विशेष रूप से महिलाओं, स्कूली बच्चों और युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मण्डल और जिला स्तर पर भी विशेष तैयारियों के लिए निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अपर मुख्य सचिव श्री आनंद बर्धन, प्रमुख सचिव श्री रमेश कुमार सुधांशु, पुलिस महानिदेशक श्री अभिनव कुमार, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



