देहरादून: पिटकुल (पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड) द्वारा उत्तराखण्ड शासन को लाभांश के रूप में 11 करोड़ रुपये का चेक सौंपा गया। यह चेक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उनके कैम्प कार्यालय में प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर कहा कि उत्तराखण्ड को ऊर्जा प्रदेश बनाने की दिशा में विद्युत निगमों को सक्रियता से सहयोगी बनाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि राज्य स्थापना की मूल संकल्पना में उत्तराखण्ड को ऊर्जा प्रदेश बनाना शामिल था। धामी ने राज्य सरकार के द्वारा ऊर्जा और वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों की भी चर्चा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी पांच वर्षों में राज्य की मांग के अनुसार ऊर्जा उत्पादन सुनिश्चित करने के लिए कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने पिटकुल के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सितम्बर 2024 में शिलान्यास किए गए 5 नए उपकेन्द्रों के कार्यों में तेजी लाई जाए।
प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में पिटकुल ने वित्तीय वर्ष 2022-2023 में 26.99 करोड़ रुपये के लाभ की तुलना में 2023-24 में 141.67 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया। पिछले तीन वर्षों से उत्तराखण्ड शासन को प्रतिवर्ष 5 करोड़ रुपये का लाभांश दिया गया है। ध्यानी ने बताया कि पिटकुल की ट्रांसमिशन उपलब्धता 99.70 प्रतिशत है, जो राष्ट्रीय मानकों 98 प्रतिशत से अधिक है। इससे विद्युत उपभोक्ताओं को सीधे लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर अपर सचिव मनमोहन मैनाली, निदेशक जी.एस. बदियाल और पिटकुल के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।



