पौड़ी के श्रीयंत्र टापू पहुंचे मुख्यमंत्री, 9 योजनाओं के शिलान्यास-लोकार्पण के साथ स्वयं सहायता समूहों और पर्यावरण मित्रों को बांटी सहायता
श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के श्रीनगर आगमन पर स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने जोरदार स्वागत किया। श्रीयंत्र टापू पहुंचे मुख्यमंत्री ने पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीनगर क्षेत्र के लिए 9.13 करोड़ रुपये की कुल 9 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान नगर में लगभग नौ वर्षों के लंबे इंतजार के बाद दोबारा सिटी बस सेवा बहाल की गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ योजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय प्रोत्साहन राशि के चेक सौंपे। साथ ही 51 महिला पर्यावरण मित्रों को स्वास्थ्य और स्वच्छता (हेल्थ एवं हाइजीन) किट प्रदान की गई। आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए महिला समूहों को 2,01,530 रुपये की धनराशि का चेक भी दिया गया।
नौ साल बाद सड़कों पर उतरीं सिटी बसें, ईवी चार्जिंग स्टेशन का लोकार्पण
स्थानीय निवासियों की पुरानी मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने पार्षदों से भरी सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। करीब 9 साल बाद शुरू हुई इस सेवा से छात्रों, स्थानीय नागरिकों और यात्रियों के लिए शहर में आवाजाही सुलभ होगी। इसके साथ ही उन्होंने नगर में निर्मित इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन का भी उद्घाटन किया, जिससे ई-वाहनों को बढ़ावा मिलेगा।
इन प्रमुख विकास कार्यों की मिली सौगात
मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई परियोजनाओं में नगर निगम श्रीनगर के अंतर्गत ठोस कचरा प्रबंधन प्रणाली, स्व. रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पार्क), लक्ष्मीनारायण पार्क का जीर्णोद्धार, सड़कों व नालियों का निर्माण तथा विभिन्न पार्कों के सौन्दर्यीकरण कार्य शामिल हैं। धामी ने कहा कि ये विकास कार्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और स्वच्छता व जल संरक्षण को बढ़ावा देने में मदद करेंगे।
सरदार पटेल को याद कर राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश
अपने संबोधन में सीएम ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने 560 से अधिक रियासतों का विलय कर अखंड भारत का निर्माण किया था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को सुशासन और समृद्धि के पथ पर आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। चारधाम यात्रा का सीधा लाभ क्षेत्र के व्यापारियों और निवासियों को मिल रहा है।
रेल और ऑल वेदर रोड से सुधरेगी कनेक्टिविटी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि ऑल वेदर रोड परियोजना में श्रीनगर एक मुख्य पड़ाव है। इसके अलावा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का निर्माण तेजी से जारी है, जिसके तहत श्रीनगर में भी रेलवे स्टेशन बन रहा है। इससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार के अवसरों में बढ़ोतरी होगी।
प्रोटोकॉल तोड़ स्कूली बच्चों के बीच पहुंचे सीएम
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज गेट के पास मौजूद विद्यार्थियों को देखकर मुख्यमंत्री ने अपना वाहन रुकवाया और सीधे बच्चों के पास जाकर उनसे बातचीत की। उनके इस सहज व्यवहार से छात्र काफी प्रसन्न नजर आए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक भरत चौधरी, महापौर आरती भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी और उपजिलाधिकारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।





