प्रदेश के 20,067 आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित होगा “आंगन का मिलन” कार्यक्रम, रेखा आर्या ने दिए निर्देश

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को समयबद्ध और व्यवस्थित तैयारियां पूरी करने के दिए कड़े निर्देश

देहरादून। “सेवा संकल्प अभियान” के तहत पूरे उत्तराखंड में “आंगन का मिलन” कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। इस संबंध में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने विकास भवन सभागार, देहरादून में विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में हरिद्वार और बागेश्वर जनपद के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

देहरादून, हरिद्वार और बागेश्वर के 5,920 केंद्रों में आयोजन

समीक्षा बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि देहरादून जिले में 1,907, हरिद्वार जिले में 3,179 और बागेश्वर जिले में 834 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इन तीनों जनपदों के कुल 5,920 आंगनबाड़ी केंद्रों सहित प्रदेश के 20 हजार 67 केंद्रों पर व्यापक स्तर पर “आंगन का मिलन” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में न हो कोई अव्यवस्था: मंत्री रेखा आर्या

विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि इसे महज एक औपचारिक कार्यक्रम न माना जाए, बल्कि जनसेवा के एक महत्वपूर्ण अभियान के रूप में लिया जाए। इसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं, बच्चों और बालिकाओं को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी व लाभ पहुंचाना है।

मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि आयोजन में अभिभावकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही केंद्रों पर संचालित योजनाओं की जानकारी को प्रभावी ढंग से प्रचारित-प्रसारित किया जाए।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कर्मियों का होगा सम्मान

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। इससे बेहतर काम करने वाली बहनों का मनोबल बढ़ेगा और अन्य कर्मियों को भी प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं, शिशुओं और बालिकाओं के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयासरत है। आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण और उच्चीकरण के साथ-साथ बच्चों को पढ़ाई व पोषण के लिए अनुकूल माहौल देने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

लापरवाही पर मांगा जाएगा स्पष्टीकरण

मंत्री ने कड़े रुख में अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के क्रियान्वयन में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों से तत्काल स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा।

इस समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार, जिला परियोजना अधिकारी मीना बिष्ट, महिला मोर्चा महामंत्री हिमानी वैष्णव और जिलाध्यक्ष मीता सिंह समेत कई विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles

spot_img
posjp33 posjp33 posjp33