एडम्स गर्ल्स इंटर कॉलेज मैदान में देर रात झूले की ट्रॉली टूटने से मचा हड़कंप, प्रशासन ने जांच के दिए आदेश
अल्मोड़ा: प्रसिद्ध नंदा देवी महोत्सव के तहत नगर के एडम्स गर्ल्स इंटर कॉलेज के मैदान में चल रहे कार्यक्रमों के दौरान बुधवार देर शाम एक गंभीर हादसा सामने आया है। मेले में चल रहे झूलों में से एक झूले की ट्रॉली अचानक टूटकर सीधे जमीन पर आ गिरी। इस दुर्घटना में ट्रॉली में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे मेला परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल युवक को हल्द्वानी रेफर कर दिया, जबकि घायल महिला को प्राथमिक चिकित्सा के बाद घर भेज दिया गया।
अंतिम दिन भीड़ के बीच देर रात हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, नंदा देवी मेले के अंतिम दिन बुधवार को देर रात तक झूलों का संचालन किया जा रहा था। डोला उठने के बाद अधिकतर श्रद्धालु और दर्शनार्थी खरीदारी करने तथा झूलों का आनंद लेने के लिए एडम्स मैदान की ओर रुख कर रहे थे। मैदान में देर रात तक झूले चल रहे थे। इसी दौरान एक झूले की ट्रॉली टूटकर नीचे गिर गई, जिसमें दो लोग सवार थे।
दुर्घटना में खोल्टा निवासी मोहित परिहार (पुत्र चंदन परिहार) और लोअर मॉल रोड निवासी दीपा आर्या (पत्नी किशन राम) घायल हो गए। हादसे में मोहित परिहार को बेहद गंभीर चोटें आई हैं। उनके एक पैर में दो स्थानों पर फ्रैक्चर हुआ है, जबकि दूसरा पैर डिसलोकेट हो गया है। गनीमत यह रही कि झूले का हिस्सा उस समय टूटा जब वह जमीन के काफी करीब था, अन्यथा कोई बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। मोहित को रात में ही जिला अस्पताल से हल्द्वानी रेफर किया गया, जहां उनका एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पीड़ितों ने बताई आपबीती, पुलिस में कार्रवाई की मांग
अस्पताल में भर्ती घायल मोहित परिहार ने बताया कि वे झूले की जिस ट्रॉली में बैठे थे, उसमें एक महिला भी मौजूद थीं। मेले में उस वक्त झूले की सभी ट्रॉलियां भरी हुई थीं। झूले का एक चक्कर पूरा होने के बाद जब दूसरे राउंड में ट्रॉली जमीन के नजदीक पहुंची, तो वह अचानक टूटकर नीचे गिर गई और वे उसके नीचे दब गए। मोहित ने इसे मेला संचालकों की भारी लापरवाही करार देते हुए संबंधितों के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने की बात कही है।
वहीं हादसे में घायल महिला दीपा आर्या ने बताया कि झूले से गिरने के कारण उनके पैर में काफी चोट आई है और सूजन बनी हुई है। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें अगले दिन दोबारा जांच के लिए बुलाया है। दीपा ने भी लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस व प्रशासन को तहरीर देने का निर्णय लिया है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश, प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश
मेले के दौरान हुई इस दर्दनाक घटना को लेकर आम जनता में मेला आयोजकों और झूला संचालकों के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जिम्मेदार व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई करने के साथ-साथ घायलों के संपूर्ण इलाज का खर्च वहन करने और अतिरिक्त मुआवजा देने की मांग की है।
प्रशासन ने इस पूरी घटना को गंभीरता से लिया है। अल्मोड़ा के उपजिलाधिकारी (SDM) संजय कुमार ने बताया कि हादसे में घायलों का उपचार करा दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच के लिए पुलिस को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। पुलिस जांच रिपोर्ट आने के बाद दुर्घटना के दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।



