बूथ स्तर पर संगठन मजबूती और सदस्यता अभियान के साथ 25 दिसंबर से जनआशीर्वाद यात्रा निकालने की योजना, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी करेंगे संबोधित
उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने हरिद्वार में अपनी दो दिवसीय विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति बैठक का आयोजन किया है। इस संगठनात्मक बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव में 65 से अधिक सीटें जीतने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसे हासिल करने के लिए संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, सदस्यता अभियान को रफ्तार देने और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने का खाका तैयार किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त सरकार और संगठन के बीच परस्पर समन्वय को और अधिक बेहतर बनाने पर विशेष बल दिया गया है।
मुख्यमंत्री समेत दिग्गज नेता मौजूद, सातों मोर्चों को सदस्यता का बड़ा लक्ष्य
इस महत्वपूर्ण बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी तथा प्रदेश कार्यसमिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक की कार्रवाई के दौरान राजनीतिक और आर्थिक विषयों पर प्रस्ताव पारित करने के साथ-साथ आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा तय की गई। कार्यसमिति के प्रथम दिन पार्टी ने अपने सातों अग्रिम मोर्चों को प्रत्येक मोर्चा एक-एक लाख नए सदस्यों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य सौंपा है। भाजपा की मंशा इस सदस्यता अभियान के जरिए गांव, बूथ, मंडल तथा जिला स्तर तक अपना जनाधार व्यापक करने की है।
25 दिसंबर से गंगोत्री और गोल्ज्यू देवता मंदिर से शुरू होगी ‘जनआशीर्वाद यात्रा’
पार्टी की ओर से प्रदेश भर में अपनी उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने के लिए 25 दिसंबर से ‘जनआशीर्वाद यात्रा’ निकालने पर गहन विचार-विमर्श किया जा रहा है। योजना के अनुसार इस यात्रा का शुभारंभ गंगोत्री और पवित्र गोल्ज्यू देवता मंदिर से करने की तैयारी है। इसके जरिए राज्य की सभी विधानसभा क्षेत्रों को कवर करते हुए धामी सरकार के विकास कार्यों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन आज, बीएल संतोष भी दे चुके हैं दिशा-निर्देश
कार्यसमिति बैठक के दूसरे दिन केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरिद्वार पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। 2027 के चुनाव अभियान के परिपेक्ष्य में उनके अनुभव और संबोधन को काफी अहम माना जा रहा है। इससे पूर्व भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने भी देहरादून में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक लेकर ’65 पार’ के लक्ष्य को साधने हेतु संगठन को पूरी तरह सक्रिय करने तथा दिसंबर माह तक संवाद कार्यक्रम व जनआशीर्वाद यात्राएं आयोजित करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया है कि पार्टी कार्यकर्ता जन-जन तक विकास कार्य पहुंचाकर 2027 में हैट्रिक के साथ प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएंगे।





