रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दीपावली के पावन पर्व पर केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान केदारनाथ के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की। शुक्रवार को केदारनाथ पहुंचे मुख्यमंत्री का स्वागत बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने किया। मंदिर में मुख्यमंत्री ने रूद्राभिषेक पूजा संपन्न की और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। मंदिर समिति के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को प्रसाद, अंगवस्त्र और रूद्राक्ष माला भेंट की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केदारनाथ धाम का सर्वांगीण विकास हो रहा है, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी बल मिल रहा है और स्थानीय निवासियों को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के बेहतर प्रबंधन से प्रतिवर्ष तीर्थयात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है और इस वर्ष आपदा के दौरान समय पर सभी यात्रियों का सकुशल रेस्क्यू किया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का केदारनाथ से विशेष जुड़ाव है और उनके मार्गदर्शन में धाम में तीव्र गति से विकास कार्य किए जा रहे हैं।

केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में एक नवंबर को दीपोत्सव मनाया जा रहा है और धाम को फूलों से सजाया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में साधु-संतों, श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों से भेंट भी की। कपाट बंद होने की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि केदारनाथ धाम के कपाट तीन नवंबर को भैया दूज के दिन शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इसके साथ ही गंगोत्री के कपाट दो नवंबर को, यमुनोत्री के तीन नवंबर को और बदरीनाथ धाम के कपाट 17 नवंबर को बंद होंगे।

इस अवसर पर जिला प्रशासन, मंदिर समिति के अधिकारी और तीर्थ पुरोहित समाज के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।


