राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में शामिल होने उमड़ी भीड़
तिरुपति। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को आंध्र प्रदेश के पावन नगरी तिरुपति पहुंचे। वे यहां राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित विशेष संगोष्ठी ‘धर्म आधारित सुशासन, सतत विकास की ओर एक मार्ग’ में भाग लेने पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी सुशासन और सतत विकास के बीच धर्म के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम को लेकर तिरुपति में उत्साह का माहौल रहा और मुख्यमंत्री को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचे। यह आयोजन न केवल शैक्षणिक दृष्टि से बल्कि आध्यात्मिक एवं प्रशासनिक विचार-विमर्श के लिहाज़ से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी इससे पूर्व भी कई मंचों पर भारतीय संस्कृति, नीति और धर्म के प्रशासन में योगदान पर अपने विचार साझा कर चुके हैं। तिरुपति के इस आयोजन को एक ऐसे मंच के रूप में देखा जा रहा है जहां राजनीति, शिक्षा और धर्म का समन्वय एक नई दिशा दे सकता है।



