मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में आयोजित देहरादून एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना की बैठक के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रिस्पना और बिंदाल कॉरिडोर का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में बढ़ती आबादी, वाहनों की संख्या, पर्यटकों की बढ़ती संख्या और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद यातायात में संभावित वृद्धि को देखते हुए इस परियोजना का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि देहरादून एलिवेटेड कॉरिडोर को एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाए और इस संदर्भ में केंद्र से सहयोग प्राप्त करने का प्रयास किया जाए। साथ ही, राज्य सेक्टर से भी कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए।
रिस्पना नदी के तल पर 11 किलोमीटर और बिंदाल नदी के तल पर 15 किलोमीटर लंबा चार लेन एलिवेटेड कॉरिडोर बनना है। इसके साथ-साथ इन नदियों के भीतर स्थित विद्युत लाइनों, हाई टेंशन लाइनों और सीवर लाइनों को नदी से बाहर विस्थापित किया जाएगा। साथ ही, नदी के दोनों किनारों पर रिटेनिंग वॉल और बाढ़ सुरक्षा की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस कार्य में समन्वय बनाए रखने के लिए सभी रेखीय विभागों को निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य के अन्य शहरों में भी बढ़ती आबादी और वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए सुनियोजित योजनाओं पर कार्य किया जाना चाहिए।



