spot_img

देहरादून में 46 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास, CM धामी बोले-तेजी से बदलेगा शहर

देहरादून नगर निगम के 27वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होते हुए शहर के विकास से जुड़ी 46 करोड़ रुपये से अधिक की महत्त्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े दो दशक में नगर निगम ने देहरादून को आधुनिक, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने स्थापना दिवस को बीते वर्षों की उपलब्धियों का उत्सव तथा आने वाले समय की दिशा तय करने वाला अवसर बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार देहरादून को एक विकसित स्मार्ट सिटी के रूप में स्थापित करने के लिए तेज गति से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर में ठोस कचरा प्रबंधन को मजबूत करने के साथ सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाकर नागरिकों को बेहतर सुविधा दी जा रही है। स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, आवास योजना और अमृत मिशन जैसी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से शहरी जीवन गुणवत्ता को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि राज्य सरकार देहरादून के दीर्घकालिक विकास को ध्यान में रखते हुए 1400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर काम कर रही है। शहर में मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन स्थापित करने के साथ कूड़ा वाहनों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा नागरिकों को हरित परिवेश उपलब्ध कराने के लिए 35 पार्कों का निर्माण किया गया है, जबकि केदारपुरम में योगा थीम पर आधारित शहर के सबसे बड़े पार्क का निर्माण अंतिम चरण में है। वीर सैनिकों के सम्मान में 50 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में स्मृति पार्क विकसित किए जा रहे हैं।

शहर की नदियों को पुनर्जीवित करने के लिए चलाए जा रहे ‘रिन्यू रिस्पना’ अभियान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक धरोहर को सहेजना सरकार की प्राथमिकता है। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए नगर में 30 इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जा रही हैं तथा निजी वाहनों के लिए 11 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इन प्रयासों का परिणाम है कि नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देहरादून ने देशभर में 19वां स्थान प्राप्त किया है और राष्ट्रीय स्वच्छता रैंकिंग में भी इस वर्ष उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है, जहां शहर 62वें स्थान तक पहुंचा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए कई स्थानों पर भूमिगत पार्किंग का निर्माण प्रगति पर है, जबकि रिस्पना और बिंदाल नदियों के ऊपर एलिवेटेड रोड के निर्माण की योजना तैयार हो चुकी है, जो शहर की यातायात समस्या का स्थायी समाधान प्रदान करेगी। कार्यक्रम में उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निगम कर्मचारियों को सम्मानित भी किया।

स्थापना दिवस कार्यक्रम में मेयर सौरभ थपलियाल ने निगम द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि देहरादून को पर्यावरण-मित्र और स्मार्ट सिटी के मॉडल रूप में विकसित करने के लिए निगम लगातार प्रयासरत है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, उमेश शर्मा ‘काऊ’, नगरायुक्त नमामि बंसल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।

spot_img

Related Articles

spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles