न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने अरनेश कुमार मामले के आधार पर दी राहत, जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया की गिरफ्तारी पर भी लगी रोक
नैनीताल: पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले में मंच पर हुए हंगामे और तोड़फोड़ से जुड़े मामले में कांग्रेस विधायक हरीश धामी तथा जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया को उत्तराखंड हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने सुनवाई के बाद दोनों की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी और उनके विरुद्ध दर्ज मुकदमा भी निरस्त कर दिया। अदालत ने अरनेश कुमार बनाम बिहार राज्य में पारित आदेश के आधार पर यह फैसला सुनाया और याचिका निस्तारित कर दी।
याचिका में क्या दलील दी गई
सोमवार को हाईकोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से कहा गया कि पुलिस ने 15 नवंबर को उनके और कई अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। आरोप लगाया गया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 35 का नोटिस दिए जाने से पहले ही पुलिस ने चार व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि याचिकाकर्ताओं की गिरफ्तारी की भी आशंका बनी हुई है। इस आधार पर अदालत से गिरफ्तारी रोकने और मुकदमा रद्द करने की मांग की गई।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन
याचिका में यह भी कहा गया कि पुलिस ने अरनेश कुमार मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन नहीं किया। शीर्ष अदालत के अनुसार जिन मामलों में सात साल से कम की सजा का प्रावधान है, उनमें गिरफ्तारी से पहले भारतीय न्याय संहिता की धारा 35 के तहत नोटिस देना अनिवार्य है। याचिका में कहा गया कि बिना नोटिस चार लोगों को गिरफ्तार करना इस आदेश का सीधा उल्लंघन है, इसलिए मुकदमा निरस्त किया जाए और गिरफ्तारी पर रोक लगाई जाए।
सरकार ने क्या कहा
सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से दलील दी गई कि इन लोगों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में व्यवधान पैदा किया, पोडियम में तोड़फोड़ की और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। दोनों पक्षों के तर्क सुनने के बाद एकलपीठ ने हरीश धामी और मनोहर टोलिया की गिरफ्तारी पर रोक लगाने के साथ ही मुकदमा भी निरस्त कर दिया।
क्या है पूरा मामला
14 नवंबर को मुख्यमंत्री धामी ने पिथौरागढ़ के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया था। इस कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक हरीश धामी भी मौजूद थे। उनका आरोप था कि उन्हें मंच से बोलने का अवसर नहीं दिया गया और जैसे ही वे बोलने लगे, माइक बंद कर दिया गया। इससे नाराज होकर उन्होंने माइक फेंक दिया और मंच पर तोड़फोड़ की।
छह लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ था मुकदमा
घटना के बाद जौलजीबी कोतवाली पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए हरीश धामी समेत छह लोगों — राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया, विक्रम दानू तथा अन्य व्यक्तियों — के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच और विवेचनात्मक कार्रवाई शुरू की थी। इस मामले में 18 नवंबर को कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था। अब हाईकोर्ट के आदेश से विधायक और जिलाध्यक्ष को गिरफ्तारी से राहत मिली है और मुकदमा भी समाप्त हो गया है।





