spot_img

अपर निदेशक ने श्रीनगर राजकीय पशु चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश

टीकाकरण, ऑनलाइन डेटा एंट्री और मॉडल अस्पताल निर्माण की तैयारियों का लिया जायजा

पशुपालन विभाग के गढ़वाल मंडल अपर निदेशक डॉ. बी.एस. जंगपांगी ने गुरुवार को श्रीनगर स्थित राजकीय पशु अस्पताल का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के रिकॉर्ड्स और विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा व्यवस्थाओं में सुधार लाते हुए सभी कार्यों को समय पर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।

टीकाकरण और विभागीय लक्ष्यों की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान अपर निदेशक ने अस्पताल के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की और उनमें आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने संस्थान को मिले विभागीय लक्ष्यों की प्रगति रिपोर्ट देखी और उन्हें 100% पूरा करने पर बल दिया। वर्तमान में चलाए जा रहे लम्पी स्किन डिजीज और पीपीआर टीकाकरण अभियानों की स्थिति जानते हुए उन्होंने लक्ष्य प्राप्ति के साथ ही बीपीए पोर्टल पर टीकाकरण के डेटा की ऑनलाइन एंट्री अनिवार्य रूप से दर्ज करने को कहा। इसके अलावा कृत्रिम गर्भाधान के तय लक्ष्यों को भी समयावधि के भीतर हासिल करने के आदेश दिए।

मॉडल पशु अस्पताल निर्माण की तैयारियों का निरीक्षण

समीक्षा के बाद डॉ. जंगपांगी ने श्रीनगर में बनने वाले प्रस्तावित मॉडल पशु चिकित्सालय की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने नए अस्पताल भवन के निर्माण के उद्देश्य से किए जा रहे पुराने ढांचे के ध्वस्तीकरण कार्यों का भी अवलोकन किया।

इस औचक निरीक्षण के समय श्रीनगर पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दिव्या नेगी, पशु चिकित्सा फार्मेसी अधिकारी प्रमोद कुमार तथा चमधार के एलईओ ज्ञान प्रकाश सहित विभागीय स्टाफ उपस्थित रहा।

spot_img

Related Articles

spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles