दिव्यांगजनों को निशुल्क उपकरण, आईएएस कोचिंग और आत्मनिर्भरता के लिए विशेष योजनाओं की घोषणाएं
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर देहरादून के सुभाष रोड स्थित वैडिंग प्वाइंट में दिव्यांग राज्य स्तरीय दक्षता पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में 89 दिव्यांगजनों को सम्मानित किया। इनमें 25 दक्ष दिव्यांग कर्मचारी, 32 खिलाड़ी, 30 स्वरोजगाररत दिव्यांगजन और 2 दिव्यांगजनों के सेवायोजक शामिल थे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आगामी विश्व दिव्यांग दिवस तक सभी जिलों में विशेष शिविर आयोजित कर दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप निशुल्क उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए निशुल्क ऑनलाइन आईएएस कोचिंग की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने दिव्यांगजनों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा, “दिव्यांगजनों का साहस और समर्पण समाज के लिए प्रेरणा है। उन्होंने अपने आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प से समाज की सोच को बदलने का कार्य किया है।”

दिव्यांगजनों के लिए सरकार की पहलें
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में दिव्यांगजनों के हित में अनेक कार्य किए जा रहे हैं। दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के तहत दिव्यांगता के प्रकारों को 7 से बढ़ाकर 21 किया गया, जिससे दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए हैं।
राज्य सरकार द्वारा भी दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं:
- पेंशन योजनाएं: दिव्यांगजनों को प्रतिमाह ₹1500 पेंशन दी जा रही है। जन्म से दिव्यांग बच्चों के माता-पिता को ₹700 प्रतिमाह का भरण-पोषण अनुदान और दुर्घटना के कारण दिव्यांग होने पर ₹1200 की पेंशन प्रदान की जा रही है।
- प्रोत्साहन राशि: दिव्यांगजन से विवाह करने पर दंपति को ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।
- शिक्षा: दिव्यांग बच्चों को कक्षा 1 से 8 तक छात्रवृत्ति दी जा रही है।
- सहायता: 40% से अधिक दिव्यांगता वाले व्यक्तियों को कृत्रिम अंग या उपकरण के लिए ₹7,000 की धनराशि दी जा रही है।
- स्वरोजगार प्रशिक्षण: टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ में दिव्यांगजनों के लिए सिलाई-कटाई और प्रिंटिंग प्रेस का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
- पुनर्वास केंद्र: हर जिले में दिव्यांग पुनर्वास केंद्रों की स्थापना की गई है।

विशेष संस्थान और सुविधाएं
देहरादून में मानसिक स्वास्थ्य संस्थान और “नारी निकेतन” संचालित किए जा रहे हैं। वहीं, हरबर्टपुर में “हाफ वे होम” और ऊधमसिंह नगर में विशेष मानसिक पुनर्वास गृह का निर्माण हो रहा है।
कार्यक्रम में विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, सचिव समाज कल्याण नीरज खैरवाल, निदेशक प्रकाश चंद्र सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित थे।


