देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में सूचना विभाग, उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रकाशित नववर्ष 2026 के आधिकारिक कैलेंडर का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कैलेंडर के आकर्षक डिजाइन, उत्कृष्ट मुद्रण गुणवत्ता एवं विषयवस्तु की सराहना करते हुए कहा कि यह कैलेंडर राज्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी नीतियों को आमजन तक पहुँचाने का एक प्रभावी माध्यम है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि सूचना विभाग द्वारा प्रकाशित यह कैलेंडर केवल तिथियों का संकलन नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड की विकास यात्रा, प्रशासनिक प्रतिबद्धता और जनसेवा के संकल्प को दर्शाने वाला एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। कैलेंडर में राज्य सरकार द्वारा लिए गए ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णयों, विकास परियोजनाओं, सांस्कृतिक विरासत एवं सामाजिक सरोकारों को सुसंगठित और रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह कैलेंडर न केवल सरकारी कार्यालयों के लिए उपयोगी है, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी जानकारीपूर्ण और प्रेरणादायी सिद्ध होगा। इसके माध्यम से जनता को राज्य सरकार की प्राथमिकताओं, नीतियों और उपलब्धियों की स्पष्ट जानकारी मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने सूचना विभाग की पूरी टीम को इस उत्कृष्ट प्रकाशन के लिए बधाई देते हुए कहा कि विभाग ने सदैव सरकार और जनता के बीच एक सशक्त सेतु की भूमिका निभाई है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि भविष्य में भी सूचना विभाग नवीन तकनीकों, रचनात्मक सोच और नवाचार के माध्यम से जनहितकारी सूचनाओं का व्यापक एवं प्रभावी प्रसार करता रहेगा, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके।
इस अवसर पर अपर सचिव सूचना श्री बंशीधर तिवारी, उपनिदेशक सूचना श्री मनोज श्रीवास्तव एवं उत्तराखंड मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष श्री गोविन्द सिंह भी उपस्थित रहे।