मौसम विभाग ने 8 से 11 सितंबर तक प्रदेश के पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश की जताई आशंका
उत्तराखंड में मानसून की विदाई से पहले बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है। 8 से 11 सितंबर तक प्रदेश के पहाड़ी और मैदानी जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ सहित सात जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
चार दिनों तक रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तराखंड में अगले चार दिनों तक मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कई क्षेत्रों में बिजली कड़कने के साथ तेज बौछारें पड़ने की आशंका है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
ऋषिकेश और हरिद्वार में खिली धूप
लगातार हो रही बारिश के बीच ऋषिकेश और हरिद्वार के लोगों को कुछ राहत मिली है। ऋषिकेश में सुबह से ही आसमान साफ है और तेज धूप निकली हुई है, जिससे स्थानीय लोगों और गंगा घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं के चेहरे खिल उठे हैं। ऋषिकेश में तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जिसके अधिकतम 31 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है।
वहीं हरिद्वार में भी पिछले एक महीने से जारी लगातार बारिश का दौर फिलहाल थमा है। शहरी और ग्रामीण इलाकों में धूप खिलने से दैनिक कामकाज फिर से सुचारू हो गए हैं और बाजारों में चहल-पहल लौट आई है। हालांकि, आसमान में आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही बनी हुई है।
तारीख के अनुसार मौसम का पूर्वानुमान
8 सितंबर
देहरादून, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, अल्मोड़ा, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं, पहाड़ी जिलों और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश हो सकती है।
9 सितंबर
देहरादून, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, अल्मोड़ा और चम्पावत में अधिकांश स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
10 सितंबर
प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर बहुत तेज बारिश होने की आशंका है, जिसके लिए विशेष रूप से येलो अलर्ट जारी किया गया है।
11 सितंबर
बारिश का यह दौर 11 सितंबर को भी जारी रहेगा। देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना के साथ ही पूरे राज्य में बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान लगाया गया है।

