8 पुलिसकर्मियों को सेवा के आधार पर और 6 को विशिष्ट कार्य के लिए किया जाएगा सम्मानित
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के 14 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट, सराहनीय और विशिष्ट सेवाओं के लिए “मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक” से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पदक प्रदान किए जाने की घोषणा की गई है।
चयनित 14 पुलिस कार्मिकों में 8 को सेवा के आधार पर तथा 6 को विशिष्ट कार्यों के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान पुलिस कार्मिकों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाभाव के प्रति राज्य सरकार की सराहना का प्रतीक है।
सेवा के आधार पर चयनित पुलिस कार्मिक
सेवा के आधार पर मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक के लिए पुलिस महानिरीक्षक साइबर/एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे, अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार नैनीताल रेवाधर मठपाल, पुलिस उपाधीक्षक सचिवालय/विधानसभा सुरक्षा भास्कर लाल शाह, पुलिस उपाधीक्षक चमोली त्रिवेन्द्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक पुलिस मुख्यालय मनीष जस्वाल, निरीक्षक नागरिक पुलिस पुलिस मुख्यालय गिरीधर सिंह रावत, निरीक्षक नागरिक पुलिस पुलिस मुख्यालय मोहम्मद यासीन तथा 40वीं वाहिनी पीएसी के गुल्मनायक दिनेश चन्द्र को सम्मानित किया जाएगा।
विशिष्ट कार्यों के लिए मिलेगा पदक
विशिष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक स्वर्गीय निरीक्षक मनोज मनराल, अभिसूचना/एलआईयू देहरादून तथा स्वर्गीय उपनिरीक्षक विनोद कुमार, नागरिक पुलिस टिहरी गढ़वाल को मरणोपरांत प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक सुनील कुमार मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम पुलिस थाना देहरादून शान्तनु पराशर तथा पुलिस उपाधीक्षक अभिसूचना मनोज असवाल को भी विशिष्ट कार्य के लिए पदक प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पदक के लिए चयनित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पुलिस कार्मिकों द्वारा कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाभाव के साथ किए जा रहे कार्यों का सम्मान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान से पुलिस बल के अन्य कार्मिकों को भी अपने दायित्वों का और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा मिलेगी। राज्य सरकार पुलिसकर्मियों के मनोबल और उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।



