देहरादून: उत्तराखंड में लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी ने महेंद्र भट्ट को एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। मंगलवार को आयोजित प्रांतीय परिषद की बैठक में केंद्रीय चुनाव अधिकारी हर्ष मल्होत्रा ने महेंद्र भट्ट के निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने की औपचारिक घोषणा की।
भट्ट इस पद पर लगातार दूसरी बार नियुक्त हुए हैं। नामांकन प्रक्रिया के दौरान उनके अलावा किसी अन्य नेता ने नामांकन नहीं किया, जिससे उनका चयन निर्विरोध हुआ। यह महेंद्र भट्ट का दूसरा कार्यकाल होगा और वे प्रदेश भाजपा के 10वें अध्यक्ष बने हैं।
राष्ट्रीय परिषद में इन नेताओं को मिली जगह
राष्ट्रीय परिषद के सदस्य के रूप में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, अजय भट्ट, माला राज्य लक्ष्मी शाह और कल्पना सैनी का चयन किया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महेंद्र भट्ट को दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष बनने पर बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व में भाजपा को हर चुनाव में सफलता मिली है। उन्होंने संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “सामान्य कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक की यात्रा में भट्ट जी का लंबा और संघर्षपूर्ण राजनीतिक अनुभव रहा है, जो संगठन को मजबूती देगा।”