पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात शार्प शूटर घायल

घायल बदमाश सहित तीन गिरफ्तार, एक फरार तलाश जारी
  • तीन तमंचे, 10 कारतूस, तीन मोबाइल व कार बरामद

उधमसिंहनगर। पुलिस मुठभेड़ में देर रात एक कुख्यात शार्प शूटर पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। जिसे उपचार हेतू अस्पताल ले जाया गया। मुठभेड़ के दौरान जहंा पुलिस शार्प शूटर के दो साथियों को गिरफ्तार करने में कामयाब रही वहीं उनका एक साथी फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने गिरफ्तार किये गये तीनों बदमाशों से तीन तमंचे, 10 कारतूस, तीन मोबाइल व एक कार बरामद की है। गिरफ्तार सभी आरोपी अपने विरोधी गैंग पर हमले की नियत से रूद्रपुर आये थे।
जानकारी के अनुसार बीती 21 जून को डिबडिबा, बिलासपुर, जनपद रामपुर के सक्रिय गैंग के शार्प शूटर जितेन्द्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी द्वारा अपने प्रतिद्वन्द्वी की हत्या करने की नीयत से रुद्रपुर स्थित गाबा चौक पर बीच सड़क पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। भरे बाजार में हुई उक्त दुस्साहसिक घटना से आमजन में भय एवं दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया था। मामले में पुलिस ने कोतवाली रूद्रपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी।
पुलिस के अनुसार उक्त आरोपी द्वारा बीती 30 जून को अपने अन्य साथियों के साथ थाना पुलभटृा क्षेत्र में पुनः अपने प्रतिद्वन्द्वी के वाहन को घेरकर कई राउंड फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसमें राह चलती एक महिला सहित अन्य राहगीर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। संगीन अपराधों को अंजाम दे रहे उक्त गैंग के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर, अजय गणपति के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रपुर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जाने लगी। जिससे गैंग के सदस्य अपने—अपने घरों को छोड़कर फरार हो गए। मामले में बीती रात पुलिस को सूचना मिली कि फरार चल रहा शार्प शूटर जितेन्द्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी अपने अन्य साथियों के साथ बिना नम्बर प्लेट की सफेद रंग की रेनॉल्ट क्विड कार में सवार होकर डिबडिबा क्षेत्र में अपने प्रतिद्वन्द्वी पर जानलेवा हमला करने की नीयत से जा रहा है तथा सभी आरोपी हथियारों से लैस हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम द्वारा जाफरपुर कट क्षेत्र में प्रभावी घेराबंदी कर दी गयी। जिसके कुछ समय पश्चात संदिग्ध वाहन दिखाई देने पर पुलिस टीम द्वारा वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, किन्तु वाहन सवार आरोपी वाहन को तेज गति से भगाकर फरार होने लगे।
पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने के दौरान उक्त वाहन यूनिटी लॉ कॉलेज के समीप कच्चे मार्ग पर मुड़ गया तथा अनियंत्रित होकर तारबाड़ से टकराकर रुक गया। वाहन रुकते ही उसमें सवार आरोपी खेतों एवं बाग की ओर भाग गए तथा पेड़ों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम द्वारा आरोपियोंं को बार—बार आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई, किन्तु आरोपी लगातार पुलिस टीम पर फायरिंग करते रहे। पुलिस बल एवं स्वयं के जीवन पर उत्पन्न तत्कालिक खतरे को देखते हुए तथा आत्मरक्षा एवं अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु न्यूनतम बल प्रयोग के सिद्धांत का पालन करते हुए पुलिस टीम द्वारा जवाबी कार्रवाई की गई। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर लगभग आधा दर्जन राउंड फायरिंग की गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य शार्प शूटर जितेन्द्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी के पैर में गोली लगी। मुठभेड़ के उपरांत पुलिस टीम द्वारा घायल आरोपी सहित दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक अन्य आरोपी निरंजन टाकुली उर्फ नीरू टाकुली अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश एवं कांबिंग की कार्रवाई की जा रही है। घायल आरोपी को तत्काल उपचार हेतु जिला चिकित्सालय रुद्रपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles

spot_img
posjp33 posjp33 posjp33