बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी मामलाः फरार कर्मचारी देहरादून से गिरफ्तार

नेहरूकालोनी क्षेत्र से देर रात हुई गिरफ्तारी

चमोली/देहरादून। बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में पुलिस को देर रात बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में फरार चल रहे आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को पुलिस ने बीती देर रात करीब 11 बजे देहरादून नेहरू कालोनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बदरीनाथ ले गयी है।

बता दें कि इस चर्चित मामले में पहले ही आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने 25 जून, 29 जून और 2 जुलाई को चढ़ावे की गणना के समय की सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच की। 25 जून की फुटेज खंगालने पर आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल नोटों की गड्डी ले जाते हुए दिखाई दिया। इस महत्वपूर्ण साक्ष्य के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच और तेज कर दी, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया था जिसे देर रात देहरादून के नेहरू कालोनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है।

विदित हो कि बदरीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान के रखरखाव और जमा प्रक्रिया के दौरान वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर सोशल मीडिया में जब हो हल्ला मचा तो उत्तराखण्ड की राजनीतिक गलियारों में अफरा—तफरी मच गयी। मामले के तूल पकड़ने पर प्रशासन द्वारा जब इसकी जांच करायी गयी तो प्रारंभिक जांच में चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी के संकेत मिले जिस पर संबंधित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामला सामने आने के बाद से ही आरोपी फरार हो गया था।

पुलिस ने बदरी—केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) से मामले की आंतरिक जांच रिपोर्ट, रिकॉर्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। बीेते रोज जांच टीम ने बीकेटीसी के कई कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए। पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई को चढ़ावे की गणना के दौरान आरोपी प्रमोद नौटियाल सहित 12 से अधिक लोग गणना कक्ष में मौजूद थे। इनमें कुछ स्थानीय साधु—संत भी शामिल थे, जो वर्षों से चढ़ावे की गणना प्रक्रिया का हिस्सा रहे हैं। पुलिस इन सभी से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाया जाएगा कि इस कथित हेराफेरी में और कौन—कौन लोग शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही वित्तीय लेनदेन, दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, बदरीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की गणना सामान्यतः तीन से चार दिन के अंतराल पर की जाती है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles

spot_img
posjp33 posjp33 posjp33