spot_img

रुद्रप्रयाग में खुलेगा उत्तराखंड का पहला वेद महाविद्यालय, संसारी में 22 नाली भूमि चयनित

केंद्र की 'चारधाम चार वेद महाविद्यालय योजना' के तहत गुरुकुल पद्धति पर दी जाएगी वेद-उपनिषदों की शिक्षा

रुद्रप्रयाग: देवभूमि उत्तराखंड में वैदिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्र सरकार की ‘चारधाम चार वेद महाविद्यालय योजना’ के तहत प्रदेश में प्रस्तावित वेद महाविद्यालय के लिए रुद्रप्रयाग के संसारी क्षेत्र में 22 नाली भूमि का चयन कर लिया गया है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की बोर्ड बैठक में इस भूमि चयन के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई है।

गुरुकुल की तर्ज पर होगी पढ़ाई, मोबाइल पर रहेगा प्रतिबंध

इस प्रस्तावित वेद महाविद्यालय में शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पारंपरिक गुरुकुल प्रणाली की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। इसके तहत विद्यार्थियों को परिसर में ही रहकर वेदों, ऋचाओं, उपनिषदों और पुराणों का अध्ययन करना होगा।

विशेष बात यह है कि इस संस्थान में प्रवेश की शर्तों में परिसर के भीतर मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध का प्रावधान रखा गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों का ध्यान पूरी तरह वैदिक जीवनशैली और अध्ययन पर केंद्रित रखना है।

संसारी में भूमि चयन की वजह

वेद महाविद्यालय के निर्माण के लिए बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने पहले प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी उपयुक्त भूमि की खोज की थी। इसके लिए चमोली जिले के मंडल और सिमली क्षेत्रों में संभावनाएं तलाशी गईं, लेकिन मानकों के अनुरूप पर्याप्त जगह नहीं मिल सकी।

आखिरकार रुद्रप्रयाग के संसारी में बीकेटीसी के स्वामित्व वाली 22 नाली जमीन को इसके लिए उपयुक्त पाया गया और बोर्ड बैठक में इस पर मुहर लगाई गई। अब संस्कृत शिक्षा विभाग इस परियोजना के क्रियान्वयन की तैयारी में जुट गया है।

भारतीय ज्ञान परंपरा का बनेगा नया केंद्र

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि देवभूमि में इस महाविद्यालय की स्थापना केंद्र और राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से देश-विदेश के युवाओं को भारतीय ज्ञान परंपरा, वेदों और संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

केंद्र सरकार की योजना के तहत देश के विभिन्न कोनों में ऐसे आदर्श वेद विद्यालयों की व्यवस्था की जा रही है, जिसका संचालन उज्जैन स्थित महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान के मार्गदर्शन में होता है। उत्तर क्षेत्र के लिए बदरीनाथ क्षेत्र को चुना गया है, जिसके तहत रुद्रप्रयाग में यह केंद्र विकसित किया जा रहा है। भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब संस्कृत शिक्षा विभाग भवन निर्माण और पाठ्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में जुट गया है।

spot_img

Related Articles

spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles