गर्मियों में हिल स्टेशन मसूरी में आने वाले पर्यटकों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। मसूरी में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 को लागू कर दिया गया है, जिसका मकसद कानून-व्यवस्था बनाए रखना, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना और भीड़ पर नियंत्रण पाना है।
जिला मजिस्ट्रेट सविन बंसल की अध्यक्षता में बीते शुक्रवार को हुई समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस धारा के तहत जिला प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करने और सुरक्षा संबंधित खतरों से निपटने का अधिकार प्राप्त होता है।
बेहतर सुविधाएं और हाईटेक इंतजाम
मसूरी को पर्यटकों के लिए अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण सुविधाएं शुरू की हैं:
-
हाथी पांव, किंग क्रेग और कुठाल गेट पर सैटेलाइट पार्किंग
-
माल रोड पर हाईटेक शटल सेवाएं और गोल्फ कार्ट
-
लाइब्रेरी चौक और पिक्चर पैलेस शटल ड्रॉप पॉइंट पर पर्याप्त प्रकाश, मोबाइल शौचालय, पेयजल और सुरक्षा
-
माल रोड एंट्री गेट पर डिजिटल रसीद सेवाएं
नगर निगम और पुलिस प्रशासन को मिलकर इन सेवाओं की निगरानी और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात नियंत्रण और पार्किंग प्रबंधन
डीएम सविन बंसल ने मसूरी के सीओ और ट्रैफिक एसपी को निर्देश दिए हैं कि वे पार्किंग क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखें और गाड़ियों को निर्धारित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था करें।
इसके अलावा, वाहन के प्रकार के आधार पर पार्किंग क्षेत्र निर्धारित किए जाएंगे ताकि ट्रैफिक जाम से बचा जा सके। यदि मुख्य सैटेलाइट पार्किंग (गज्जी बैंड) पूरी भर जाती है, तो वाहन चालकों को पुराने राजपुर रोड की ओर भेजा जाएगा।
भविष्य की योजना
-
किंग क्रेग में एक स्थायी सैटेलाइट पार्किंग की स्थापना
-
अस्थायी पुलिस छतरियां, वैकल्पिक पार्किंग, अतिरिक्त रोशनी और मार्गदर्शन प्रणाली स्थापित करने के निर्देश
इन सभी व्यवस्थाओं का उद्देश्य गर्मियों के दौरान मसूरी में आने वाले हजारों पर्यटकों को बेहतर अनुभव और सुरक्षा प्रदान करना है।



