मुख्यमंत्री धामी ने किया माणा पास का हवाई निरीक्षण, बचाव अभियान तेज

उत्तराखंड के चमोली जिले में माणा पास के पास आए भीषण हिमस्खलन के बाद राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ज्योतिर्मठ पहुंचकर अभियान का जायजा लिया और घटनास्थल का हवाई निरीक्षण भी किया।

अब तक 50 मजदूरों को बचाया गया, 5 की तलाश जारी

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि हिमस्खलन में फंसे 55 में से 50 मजदूरों को बचा लिया गया है, जबकि बाकी 5 को निकालने के लिए सर्च और रेस्क्यू अभियान जारी है। रेस्क्यू किए गए मजदूरों को ज्योतिर्मठ लाया जा रहा है और सभी को आवश्यक चिकित्सा सहायता दी जा रही है। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को हायर सेंटर रेफर करने की भी तैयारी की गई है।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती मजदूरों से की मुलाकात

मुख्यमंत्री धामी ने आर्मी अस्पताल में भर्ती मजदूरों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि खोज एवं बचाव कार्य में किसी भी आवश्यक संसाधन की कमी न हो और सभी आवश्यकताओं को समय रहते चिन्हित किया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार से पूरी मदद मिल रही है और राहत कार्य में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी।

रेस्क्यू अभियान में सेना, आईटीबीपी और एनडीआरएफ की अहम भूमिका

जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने जानकारी दी कि शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे माणा पास के निकट हिमस्खलन हुआ। इस दौरान बीआरओ के 57 मजदूर कंटेनरों में रह रहे थे, जिनमें से 2 मजदूर छुट्टी पर थे। आईटीबीपी और सेना ने तेजी से खोजबीन करते हुए अब तक 50 मजदूरों को सुरक्षित निकाला है।

बचाव अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से चार हेलीकॉप्टर भेजे गए हैं। इनकी मदद से अब तक 25 मजदूरों को ज्योतिर्मठ लाया गया है, जिनमें से 4 गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज आर्मी अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सकों की देखरेख में चल रहा है।

एनडीआरएफ की 28 सदस्यीय टीम भी बचाव कार्य में जुटी

जिलाधिकारी ने आईटीबीपी और सेना द्वारा किए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की सराहना की और बताया कि एनडीआरएफ की 28 सदस्यीय टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। टीम को बचाव अभियानों का व्यापक अनुभव है और उम्मीद है कि शेष मजदूरों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जाएगा।

प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लगातार मुस्तैद

इस दौरान पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ और एसीएमओ एमएस खाती भी मौके पर मौजूद रहे। सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं, ताकि इस आपदा में फंसे सभी लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकाला जा सके।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles

spot_img
posjp33 posjp33 posjp33