देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को विधानसभा परिसर, भराड़ीसैंण में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। इस दौरान उन्होंने चमोली जनपद को एक स्वच्छ एवं आदर्श जनपद बनाने के लिए सभी विभागों को मिलकर काम करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चमोली जिला उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसमें बद्रीनाथ, हेमकुंड, गोपीनाथ जैसे प्रमुख तीर्थ स्थल और देश का पहला गांव माणा स्थित है। उन्होंने कहा कि इस सीमांत जनपद की स्वच्छता की जिम्मेदारी सभी की है और यह हमारे नैतिक दायित्व के रूप में कार्य करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से नदियों की स्वच्छता पर जोर दिया और अधिकारियों से कहा कि चमोली जिले से बहने वाली सभी नदियों को स्वच्छ रखा जाए। नदियों में कूड़ा और गंदगी के बहाव को रोका जाए और नदी किनारे के समुदायों को जागरूक किया जाए। साथ ही, उन्होंने नदियों के उद्गम स्थल से लेकर संपूर्ण राज्य में स्वच्छ जल सुनिश्चित करने के लिए समन्वय से कार्य करने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक सरकारी कार्यालय, गेस्ट हाउस और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखना आवश्यक है ताकि आने वाले पर्यटकों को सकारात्मक संदेश मिले।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री धामी ने महिलाओं के योगदान पर भी चर्चा की और राज्य के विकास में उनके कौशल एवं ऊर्जा का उपयोग करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने राज्य के जीएसडीपी में पहाड़ी राज्यों का योगदान बढ़ाने की दिशा में भी काम करने की बात की।
मुख्यमंत्री ने सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने, सड़क सुरक्षा पर ध्यान देने और पुलिस तथा परिवहन विभाग को अनफिट वाहनों की नियमित जांच के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि, उद्यान और पशुपालन विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस बैठक में जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने मुख्यमंत्री को चमोली जनपद में चल रहे नवाचारी कार्यों के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि मैठाणा गांव को “मॉडर्न विलेज” के रूप में विकसित किया जा रहा है, और आदिबद्री क्षेत्र के गांवों को मशरूम उत्पादन से जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा, राइका भराडीसैंण को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित किया जा रहा है।
बैठक में आईजी गढ़वाल केएस नगन्याल, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी नंदन कुमार और अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे।


